सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भड़का विवाद, यूपी में व्यापारी की पिटाई और भाले से हमले के बाद मौत

गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद में 45 वर्षीय बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी पर हमला किया गया. भाले समेत कई हथियारों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल व्यापारी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई.

Pinterest
Km Jaya

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां 45 वर्षीय बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी पर करीब 10 लोगों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने उन्हें घेरकर कई हथियारों से पीटा और भाले से भी हमला किया. गंभीर रूप से घायल व्यापारी की इलाज के दौरान गुरुवार को लखनऊ में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव के साथ राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है.

पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार साहनी स्थानीय बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे. बुधवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि हमलावरों ने विनोद पर लाठी-डंडों समेत कई हथियारों से हमला किया और उन्हें गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.

पुलिस का क्या है कहना?

घटना के बाद विनोद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि घायल अवस्था में विनोद ने अपने तीन हमलावरों की पहचान की थी.


क्या लिया गया एक्शन?

पुलिस ने बताया कि मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था. व्यापारी की मौत के बाद एफआईआर में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है. पुलिस ने शुबहम सिंह उर्फ गोलू और सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं.

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम राधेश्याम राय के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विनोद और आरोपियों के बीच सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर विवाद था. इसी विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

व्यापारी की मौत के बाद लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप के साथ धरना दिया. संजय निषाद ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.