सावन में बाबा के भक्तों की सुरक्षा के लिए वाराणसी कैंट स्टेशन पर हाई अलर्ट, कांवड़ियों के वेश में सुरक्षा कर्मी रखेंगे नजर
सावन माह में वाराणसी कैंट स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी. जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान कांवड़ियों के वेश में भी तैनात रहेंगे.
वाराणसी: सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी जंक्शन पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. रेलवे सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस संयुक्त रूप से विशेष निगरानी अभियान चलाएंगी. इस दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी कांवड़ियों के वेश में तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
हर वर्ष सावन के दौरान वाराणसी में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार भी स्टेशन परिसर को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी. जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल संयुक्त रूप से सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा.
क्या-क्या की गईं हैं व्यवस्थाएं?
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी. फुट ओवरब्रिज और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि भगदड़ जैसी किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके. सुरक्षा कर्मियों को भीड़ प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष निर्देश दिए जाएंगे.
Also Read
क्या दिए गए हैं निर्देश?
सावन माह की तैयारियों के तहत जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी संबंधित इकाइयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. दो दिन बाद जीआरपी के अनुभाग मुख्यालय में होने वाली बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी. इसी बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और तैनाती की योजना भी बनाई जाएगी.
स्टेशन के सभी प्रवेश और निकासी द्वारों पर आने जाने वाले यात्रियों की जांच मेटल डिटेक्टर से की जाएगी. इसके अलावा संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित जांच अभियान भी चलाया जाएगा. सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील करेंगी.
कैसी है सुरक्षा व्यवस्था?
स्टेशन परिसर में जिला पुलिस की बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वॉड भी तैनात रहेंगे. ये टीमें समय समय पर पूरे परिसर की जांच करेंगी ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके. सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
वाराणसी के अलावा भदोही, जंघई, सुल्तानपुर, जौनपुर और काशी सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं. क्षेत्राधिकारी जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि सावन माह को देखते हुए सभी तैयारियां की जा रही हैं और आगामी बैठक के बाद सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा.