Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 IPL 2026

मातम में बदली शादी की खुशियां, खौलती चाशनी में गिरी तीन साल की मासूम; हुई मौत

गोरखपुर में शादी की तैयारियों के बीच हुआ दर्दनाक हादसा हुई जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया है. मिठाई बनाते समय खौलती चाशनी में तीन साल की बच्ची के गिरने से मौत हो गई है. घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है.

AI
Babli Rautela

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां एक तरफ घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी तरफ एक हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया है. मिठाइयां बनाते समय तीन साल की मासूम बच्ची खौलती चाशनी में गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं. 

खौलती चाशनी में गिरी तीन साल की मासूम

जानकारी के मुताबिक घटना बांसगांव थाना क्षेत्र की है. यहां रहने वाले सुरेंद्र यादव के घर 12 मई को शादी है. शादी को लेकर घर में जोर शोर से तैयारियां चल रही थीं. घर के बाहर हलवाई मिठाइयां तैयार कर रहे थे. पड़ोस में रहने वाले हलवाई राजेंद्र गुप्ता अपने साथियों के साथ गुलाब जामुन बना रहे थे. इसी दौरान एक बड़े बर्तन में चीनी की चाशनी खौल रही थी. घर के पास बच्चे खेल रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा. बताया जा रहा है कि हलवाई राजेंद्र गुप्ता की 3 साल की नातिन अदिति वहीं पास में खेल रही थी. खेलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे खौलती चाशनी में गिर गई.

तीन साल की बच्ची की मौत

जैसे ही बच्ची के गिरने की आवाज और चीख सुनाई दी, वहां मौजूद लोग घबरा गए. सभी लोग तुरंत मौते पर पहुंचे और किसी तरह बच्ची को बाहर निकाला. लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी. बच्ची के शरीर पर बड़े बड़े छाले पड़ गए थे. उसे बचाने की कोशिश में कई लोगों के हाथ भी जल गए.

हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई और तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की. करीब चार घंटे तक इलाज चलता रहा, लेकिन आखिरकार शाम करीब सात बजे मासूम जिंदगी की जंग हार गई.