US Israel Iran War

Noida News: सुरक्षा में चूक या लापरवाही? ग्रेटर नोएडा की कंपनी के टैंक में डूबने से 3 कर्मचारियों की मौत

Noida News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में डूबने तीन लोगों की मौत हो गई है. मामला थाना इकोटेक-1 क्षेत्र की एक सॉफ्टवेयर कंपनी का है. घटना के बाद कंपनी कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है. तीनों कर्मचारियों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस ने मामले को जांच में लिया है.

India Daily Live Reporter
Santosh Pathak

Noida News: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा बड़ी दुर्घटना सामने आई है. यहां शहर के ग्रेटर नोएडा इलाके में स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बने पानी के टैंक में डूबने से 3 कर्मचारियों की मौत हो गई है. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलवाकर जिम्स अस्पताल भेजा गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद ले पुलिस बल कंपनी परिसर में पहुंच गया और मामले को जांच में लिया है.

ACP-3 ग्रेटर नोएडा ने बताया कि पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनो व्यक्तियों सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलवाकर जिम्स अस्पताल भेजा गया था. जहां चिकित्सकों द्वारा तीनों व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया.

कौन हैं मृतक?

सॉफ्टवेयर कंपनी  कोफोर्ज के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में तीनों की मौत हुई है. इसमें मोहित पुत्र राजकरण निवासी ग्राम हतेवा थाना दनकौर, हरिगोविंद पुत्र राम नारायण निवासी गणेशगंज थाना मंगलपुर कानपुर देहात और अंकित पुत्र अशोक कुमार निवासी टाटिया भेबुड़िया बरसाना मथुरा के रहने वाले हैं.

मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारी थे

जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति कोफोर्ज कंपनी में मेंटेनेंस विभाग में काम करते थे. इनकी ड्यूटी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में रहती थी. तीनों व्यक्ति आज सुबह अपनी ड्यूटी पर आए थे और ड्यूटी के दौरान ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे. इसी दौरान उसमें गिरकर डूबने से उनकी मौत हो गई.

सुरक्षा में लापरवाही

इकोटेक SHO अनुज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कर्मचारियों की लापरवाही नजर आ रही है. अनुज कुमार के अनुसार, कर्मचारा के लॉन्गबूट, मास्क आदि तमाम उपकरण सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक के बाहर ही छोड़ कर टैंक में उतरे थे. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

ACP-3 ग्रेटर नोएडा ने कहा कि पुलिस पीड़ित पक्ष के साथ है. थाना इकोटेक-1 पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है. तहरीर मिलने पर कंपनी के खिलाफ केस पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

श्रम विभाग दिलाएगा कंपनसेशन

घटना के बाद श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृतक कर्मचारियों की उम्र व वेतन के अनुसार क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी. इससे मृत कर्मचारियों के परिवार को सहायता मिल पाएगी. इसके साथ ही विभाग की ओर से जो हो पाएगा किया जाएगा.