menu-icon
India Daily

देश से विदेश तक फैला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क! हत्या, रंगदारी और धमकियों के आरोपों के बीच एजेंसियों की कड़ी नजर

भारत के कई राज्यों में सक्रिय रहा लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जांच एजेंसियों के रडार पर है. हत्या, रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में गैंग के सदस्यों पर आरोप हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश से विदेश तक फैला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क! हत्या, रंगदारी और धमकियों के आरोपों के बीच एजेंसियों की कड़ी नजर
Courtesy: AI

खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में अमेरिका ने भारतीय जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी ब्रार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी चर्चा मे है.

रिपोर्ट के मुताबिक इस गैंग पर हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी वसूलने, धमकी देने और संगठित अपराध से जुड़ी कई वारदातों में शामिल होने का आरोप लगाया हैं. भारत में भी दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज हैं. तो चलिए जानते हैं इस संगठन और इनके सदस्यों के बारे में 

हाई प्रोफाइल मामलों में भी सामने आया नाम

लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी माने जाने वाले गोल्डी बराड़ पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोप है. इसके अलावा लॉरेंस, उसके भाई अनमोल बिश्नोई और गैंग के अन्य सदस्यों का नाम मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी सामने आया है.

इसी तरह अभिनेता सलमान खान को कथित तौर पर जान से मारने की साजिश रचने और उनके मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करवाने के आरोप भी इस गैंग पर लगाए गए हैं. इन सभी मामलों की जांच संबंधित एजेंसियों ने की है और कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है. हालांकि इन मामलों में अंतिम निर्णय अदालत द्वारा ही किया जाएगा.

जेल से लेकर विदेश तक फैला नेटवर्क

गैंग का सरगना लॉरेंस बिश्नोई इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है. जांच एजेंसियों के अनुसार, उसके जेल में रहने के दौरान उसका भाई अनमोल बिश्नोई विदेश से गैंग की गतिविधियों का संचालन करता रहा. बाद में अनमोल को अमेरिका में पकड़ा गया और भारत भेज दिया गया. एजेंसियों का दावा है कि विदेश में मौजूद गैंग के सदस्य भारत में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाने में भूमिका निभाते रहे हैं.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, गैंग के कई सदस्य कनाडा, अमेरिका और यूरोप के विभिन्न देशों में रहकर कथित तौर पर रंगदारी वसूलने, धमकी देने और आपराधिक साजिशें रचने में शामिल रहे हैं. राजस्थान के गैंगस्टर रोहित गोदारा और पंजाब के गोल्डी बराड़ लंबे समय तक लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े बताए जाते रहे हैं. हालांकि हाल में दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लॉरेंस से अलग होने का दावा किया है. इसके बावजूद जांच एजेंसियां उनके आपसी संबंधों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं. भारतीय एजेंसियां अब देश के साथ-साथ विदेशों में फैले इस कथित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ समन्वित कार्रवाई को और तेज कर रही हैं.