'मंत्री हो गए तो अहंकार आ गया...', मंच पर ही भिड़े सपा सांसद और ऊर्जा मंत्री; VIDEO VIRAL

एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और सपा सांसद राजीव राय के बीच मंच पर तीखी बहस हो गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

पूर्वांचल की राजनीति सोमवार को गरमा गई. मऊ में मेमू ट्रेन सेवा के उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा और सपा नेताओं के बीच  टकराव देखने को मिला. मंच पर मौजूद ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और घोसी से सपा सांसद राजीव राय के बीच तीखी बहस हुई. गुस्से में सपा सांसद ने उंगली दिखाते हुए कहा- मंत्री जी, यह ठीक नहीं है. मैं यहां का सांसद हूं. मेरे सामने ही मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है. आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है. यह घमंड ठीक नहीं है.

मंच पर गुस्साए घोसी सांसद

कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पीछे हटाने की कोशिश की. उस समय  सपा सांसद राजीव राय नाराज हो गए. उन्होंने मंच से ही ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की ओर उंगली दिखाते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है. सांसद ने कहा कि वह इलाके के जनप्रतिनिधि हैं और उनके सामने उनके समर्थकों को धक्का देना ठीक नहीं है.

श्रेय की लड़ाई से मंच पर विवाद

दरअसल, दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक बयानबाजी तेज थी. ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा इसे अपनी पहल का नतीजा बता रहे थे. वहीं सपा सांसद राजीव राय भी इसे अपने लगातार प्रयासों की उपलब्धि कह रहे थे. उद्घाटन से पहले मंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि उन्होंने रेल मंत्री से बातचीत कर यह सुविधा दिलाई है. दूसरी ओर सांसद कार्यालय की ओर से जारी बयान में दावा किया गया कि ट्रेन सेवा शुरू कराने के लिए सांसद ने संसद से लेकर रेलवे बोर्ड तक लगातार आवाज उठाई थी. इसी श्रेय की लड़ाई ने मंच पर विवाद का रूप ले लिया.

कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की

मंच पर बहस के बाद माहौल और ज्यादा गर्म हो गया. भाजपा और सपा समर्थक आमने-सामने आ गए. कार्यक्रम स्थल पर जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं को अलग किया. अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम बाधित न हो.