'खूबसूरत होने के साथ आप...', सपा नेता ने महिला बैंककर्मी को भेजी अश्लील चैट, FIR दर्ज, CM कोटे से IAS बनवाने का दिया लालच

मथुरा में महिला बैंककर्मी को वॉट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने और सीएम कोटे से IAS बनवाने का प्रलोभन देने के आरोप में सपा नेता डॉ. राजन रिजवी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने महिला बैंककर्मी की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता डॉ. राजन रिजवी के खिलाफ केस दर्ज किया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ग्राहक बनकर बैंक आता था और उनसे असहज करने वाला व्यवहार करता था. आरोपी ने अनुचित तरीके से उनका निजी नंबर हासिल कर आपत्तिजनक वॉट्सऐप मैसेज भेजे.

महिला की सुंदरता की तारीफ में लिखा मैसेज

सामने आई वॉट्सऐप चैट के अनुसार, आरोपी ने महिला की सुंदरता की तारीफ करते हुए लिखा कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर वह 'भैया जी' (मुख्यमंत्री) के माध्यम से उन्हें डेपुटेशन पर IAS बनवा देगा. महिला द्वारा विरोध करने और नंबर ब्लॉक करने पर आरोपी ने सीडीआर (CDR) निकलवाने की धमकी भी दी.

नेता ने महिला को मैसेज करते हुए लिखा, 'मैडम नमस्ते, आप एक एक्सट्रा औरा वाली महिला हैं. खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी है. यानी आप कंप्लीट वुमन हैं. मुझे आपकी पर्सनेलिटी पर आपकी यह जॉब अच्छी नहीं लगती. सपा की सरकार बनती है तो मैं आपको चीफ मिनिस्टर कोटे से डेपुटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करूंगा.'


परिवार की रेकी करने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई है कि आरोपी उनके घर, वाहन और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. पीड़िता के पति वन विभाग में अधिकारी हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी निजी जानकारी और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.

सपा ने पद से हटाया

मामला तूल पकड़ते ही समाजवादी पार्टी ने कार्रवाई करते हुए राजन रिजवी को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश पदाधिकारी पद से हटा दिया. वहीं, अखिल भारत हिंदू महासभा समेत विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.