गोरखपुर में मासूम की हत्या से सनसनी, फिरौती की साजिश नाकाम होने पर किराएदार ने ली 6 साल के अंशुमान की जान
गोरखपुर के सहजनवा में छह वर्षीय अंशुमान सिंह की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि किराएदार कल्पेश राय ने पत्नी नीलम के साथ मिलकर फिरौती के लिए बच्चे के अपहरण की योजना बनाई थी. योजना विफल होने पर मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी गई.
गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में छह वर्षीय अंशुमान सिंह की हत्या का मामला कई चौंकाने वाले खुलासों के साथ सामने आया है. पुलिस जांच के अनुसार, मकान में किराए पर रहने वाले कल्पेश राय ने आर्थिक तंगी से उबरने और कथित तौर पर अपनी महंगी जीवनशैली की इच्छाएं पूरी करने के लिए मासूम के अपहरण की साजिश रची थी.
इस योजना में उसकी पत्नी नीलम राय भी शामिल बताई गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बच्चे के अपहरण के बाद 40 से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई थी. हालांकि परिस्थितियां अनुकूल न बनने पर उसने मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी .
सीसीटीवी फुटेज से खुली पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम सुराग मिले. फुटेज में गुरुवार शाम करीब 5:57 बजे कल्पेश राय अंशुमान को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया. इसके बाद वह बच्चे को पास के खंडहर में ले गया और करीब दस मिनट बाद अकेला बाहर निकलता नजर आया. पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले बच्चे को बंधक बनाकर फिरौती मांगना चाहता था, लेकिन योजना विफल होने पर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
Also Read
घटना के बाद वह सामान्य व्यवहार करता रहा ताकि किसी को उस पर संदेह न हो. पूछताछ के दौरान कल्पेश ने दावा किया था कि बच्चे की मौत दीवार से सिर टकराने के कारण हुई. लेकिन दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि अंशुमान की मौत गला दबाने से हुई है. पुलिस ने बताया कि कुकर्म की आशंका के मद्देनजर आवश्यक नमूने लेकर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है.
गोलगप्पा खिलाने के बहाने ले गया था साथ
जांच में सामने आया कि अंशुमान गुरुवार शाम गोलगप्पा खाने के बहाने आरोपी के साथ घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कई टीमों का गठन किया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेह गहराने पर पुलिस ने किराएदार कल्पेश राय को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर खंडहर से बच्चे का शव बरामद किया गया.