Asian Games 2026

शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव की सपा दफ्तर में एंट्री पर रोक! RLD नेता रोहित अग्रवाल का बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और रालोद के बीच बयानबाजी तेज है. इसी बीच रालोद प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने दावा किया कि शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को सपा कार्यालय आने के लिए अखिलेश यादव की अनुमति लेनी होगी.

X
Ashutosh Rai

यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के बीच जुबानी जंग बढ़ती दिख रही है. अखिलेश यादव के जयंत चौधरी पर तंज के बाद रालोद की ओर से भी लगातार जवाब दिए जा रहे हैं. अब रोहित अग्रवाल ने सपा के अंदरूनी हालात को लेकर बड़ा दावा किया है.

रोहित अग्रवाल ने क्या कहा?

रालोद प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने एक वीडियो में अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव अब अखिलेश यादव की अनुमति के बिना समाजवादी पार्टी कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. रोहित ने कहा कि कार्यालय आने के लिए दोनों नेताओं को सपा अध्यक्ष की मंजूरी लेनी होगी. उन्होंने शिवपाल यादव से जुड़े पुराने विवादों का भी जिक्र किया और सवाल उठाया कि पार्टी में यह कैसी व्यवस्था है.

अपमानित करने का दावा

रोहित अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पार्टी की पूरी ताकत अपने हाथ में रखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव जैसे नेताओं को कार्यालय के बाहर खड़ा रहना पड़े और अनुमति के बाद अंदर जाना पड़े, तो इसे समाजवाद कैसे कहा जा सकता है. रोहित ने आगे दावा किया कि जनता भी इन बातों को देख रही है और 2027 के चुनाव में इन मुद्दों पर फैसला करेगी.


लगातार गहरा रहा विवाद

सपा और रालोद के बीच विवाद की शुरुआत पुराने गठबंधन और उसके बाद बदले राजनीतिक रिश्तों से जुड़ी बयानबाजी से भी हुई है. अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी का नाम लिए बिना कहा था कि उन्होंने कुछ लोगों को 'चवन्नी से रुपया' बनाया, फिर भी वे साथ छोड़ गए. इसके बाद जयंत चौधरी ने भी अखिलेश यादव पर पलटवार किया.