Weather Alert: यूपी के 17 जिलों में भारी आंधी-बारिश की चेतावनी, खराब मौसम से 4 फ्लाइट्स रद्द; जानें अपने शहर का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है. कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है. कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं अचानक बारिश और तेज हवाएं राहत दे रही हैं. शनिवार को मौसम विभाग ने पूर्वांचल के 17 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं पश्चिमी यूपी और मध्य हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है.
लखनऊ समेत कई शहरों में मौसम साफ
राजधानी लखनऊ, कानपुर, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई शहरों में शनिवार सुबह मौसम साफ रहा. तेज धूप के बावजूद हल्की हवाओं ने लोगों को राहत दी. लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा. कानपुर में दोपहर के समय तापमान 35 डिग्री रहा. मौसम विभाग का कहना है कि शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं.
खराब मौसम का असर
उत्तर प्रदेश के बाहर खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखाई दिया. बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम खराब होने के कारण लखनऊ आने-जाने वाली चार उड़ानों को रद्द करना पड़ा. पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से कोलकाता से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा. विमान कुछ देर तक पटना के आसमान में चक्कर लगाता रहा, लेकिन लैंडिंग संभव नहीं होने पर उसे लखनऊ भेज दिया गया.
अगले तीन दिन बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी. अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 5 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है. वाराणसी फिलहाल प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया. विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर धीरे-धीरे कम होगा और गर्म हवाएं लौटने लगेंगी.