मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए. बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी मिली. इनमें नए एक्सप्रेसवे, छात्राओं को स्कूटी और विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से जुड़े फैसले शामिल हैं.
कैबिनेट बैठक में प्रयागराज से सोनभद्र तक करीब 330 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी गई. इसके साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाले 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति मिल गई. सरकार का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और यात्रा आसान होगी. इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. इस परियोजना के लिए ईपीसी मोड के तहत विकासकर्ता के चयन का रास्ता भी साफ कर दिया गया है.
सही नीति, सशक्त निर्णय,
आत्मनिर्भर-समृद्ध प्रदेश!
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में प्रदेश के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर जनहितकारी निर्णय लिए गए। pic.twitter.com/9EOkQiWHFQ— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) July 21, 2026Also Read
कैबिनेट ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना शुरू करने का फैसला भी लिया. इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में सभी प्रकार के कॉलेजों की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी. सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिव्यांग छात्राओं और शहीद या निराश्रित परिवारों की बेटियों को प्राथमिकता दी जाएगी. सरकार का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा देना और उनकी पढ़ाई को आसान बनाना है.
कैबिनेट बैठक में महिला कल्याण, गृह, परिवहन, राज्यकर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई. संभल जांच रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने का प्रस्ताव भी पास हुआ. वहीं उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित होगा. इस दौरान सरकार अपने कई विधायी कार्य पूरे करेगी. माना जा रहा है कि विपक्ष कई अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, इसलिए इस बार का मानसून सत्र काफी चर्चा में रहने की संभावना है.