बुर्के में कांवड़ लेकर निकली तमन्ना के VIDEO पर गंदा कमेंट, गिरफ्तारी के बाद कान पकड़कर माफी मांगने लगा फरमान
संभल पुलिस ने बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने वाली तमन्ना मलिक की वीडियो पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में फरमान को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान किया.
संभल: यूपी के जनपद संभल में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है. मुरादाबाद निवासी फरमान पर आरोप है कि उसने कांवड़ यात्रा से जुड़ी तमन्ना मलिक की वीडियो रील पर अभद्र टिप्पणी की. शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. हिरासत के बाद सामने आए वीडियो में फरमान कैमरे के सामने माफी मांगता दिखाई दिया.
संभल पुलिस के मुताबिक, फरमान ने तमन्ना मलिक की सोशल मीडिया वीडियो पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई. प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी की टीम ने आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है.
गिरफ्तारी के बाद कैमरे पर मांगी माफी
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद फरमान का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वह हाथ जोड़कर और कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करता दिखाई दे रहा है. आरोपी ने कहा कि तमन्ना मलिक के खिलाफ किए गए कमेंट के लिए वह दिल से माफी मांगता है. उसने भविष्य में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी महिला के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने की बात कही.
Also Read
बुर्के में कांवड़ यात्रा से चर्चा में आई थीं तमन्ना
तमन्ना मलिक संभल तहसील के बदनपुर गांव की रहने वाली हैं. उन्होंने अमानत त्यागी से प्रेम विवाह किया था. फरवरी में शिवरात्रि के अवसर पर वह बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर संभल पहुंची थीं और जलाभिषेक किया था. हाल में वह अपने पति अमन त्यागी और गाजियाबाद की शबीना बानो के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकली थीं. इसी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आए.
पुलिस ने साइबर निगरानी बढ़ाने की बात कही
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि जिले में सोशल मीडिया के जरिए अश्लीलता फैलाने या माहौल खराब करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी. उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार साइबर पेट्रोलिंग कर रही है. शिकायत मिलते ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मामला क्या है?
इस पूरे मामले की शुरुआत तमन्ना मलिक की कांवड़ यात्रा से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट पर की गई टिप्पणी से हुई. पुलिस ने टिप्पणी को आपत्तिजनक मानते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फरमान का शांतिभंग में चालान किया गया है. पुलिस ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से भी सार्वजनिक मंचों पर भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की है.