menu-icon
India Daily

यूपी वालों को गर्मी से मिलेगी राहत, मानसून की दस्तक के आसार; जानें मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
यूपी वालों को गर्मी से मिलेगी राहत, मानसून की दस्तक के आसार; जानें मौसम का हाल
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दोपहर के समय कड़क धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है. हालांकि अब मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी से प्रदेशवासियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है. 

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि गाजियाबाद, नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ और आसपास के जिलों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है. पिछले कुछ दिनों से पूर्वी यूपी के लोग भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे हैं. ऐसे में बारिश की संभावना से तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

राजधानी लखनऊ में हीटवेव का खतरा

जहां एक ओर कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यहां गर्म हवाओं का प्रभाव बना रह सकता है. दूसरी ओर वाराणसी और आसपास के इलाकों में 25 जून को मौसम शुष्क रहने की संभावना है. विभाग ने गरुवार के लिए लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और लखनऊ समेत नौ जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है.

लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 27 जून तक उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री होने की संभावना है. यदि मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 28 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है. जिससे लोगों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है.