लखनऊ से कोलकाता और बिहार तक छापे, RDSO केस में CBI का बड़ा एक्शन; डिप्टी डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
RDSO से जुड़े कथित रिश्वतकांड में CBI ने दो वरिष्ठ अधिकारियों और निजी कंपनी के दो प्रतिनिधियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. CBI ने लखनऊ, कोलकाता और बिहार में भी छापेमारी की है.
लखनऊ: लखनऊ के रेलवे रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन यानी RDSO से जुड़े कथित रिश्वतकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने दो वरिष्ठ अधिकारियों और एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले 4 लाख रुपये की रिश्वत ली जा रही थी.
गिरफ्तार आरोपियों में RDSO के डिप्टी डायरेक्टर आशुतोष कुमार और सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार शामिल हैं. इनके अलावा कोलकाता स्थित निजी कंपनी उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार राय को भी CBI ने गिरफ्तार किया है.
अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट के बदले रिश्वत का आरोप
CBI के मुताबिक, दोनों सरकारी अधिकारियों पर निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कथित मिलीभगत कर रिश्वत लेने का आरोप है. आरोप है कि कंपनी के फैक्टरी प्लांट और मशीनरी की अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले अनुचित लाभ लिया जा रहा था.
Also Read
हावड़ा के होटल में बिछाया जाल
CBI ने हावड़ा के एक होटल में ट्रैप लगाकर चारों आरोपियों को पकड़ा. एजेंसी के अनुसार, निजी कंपनी का एक कर्मचारी रिश्वत की रकम लेकर होटल के कमरे में पहुंचा था. जैसे ही 4 लाख रुपये की रकम लेने की प्रक्रिया हुई, CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई.
4 लाख के अलावा 4.73 लाख रुपये भी बरामद
CBI प्रवक्ता के अनुसार, रिश्वत के 4 लाख रुपये के अलावा 4.73 लाख रुपये की अन्य नकदी भी बरामद हुई है. एजेंसी ने इस मामले में 15 सितंबर 2026 को केस दर्ज किया था.
लखनऊ, कोलकाता और बिहार में छापेमारी
मामले की जांच के तहत CBI की टीमें कोलकाता, लखनऊ और बिहार में आरोपियों के आवासीय और कार्यालय परिसरों पर छापेमारी कर रही हैं. तलाशी के दौरान कथित अपराध से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं. CBI के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम अदालत के सामने पेश किया जाएगा. फिलहाल एजेंसी मामले से जुड़े अन्य तथ्यों, दस्तावेजों और संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.