'मैं साइकिल से चल लूंगा, लेकिन योगी जी...'; गोरखपुर में CM योगी की सुरक्षा को लेकर रवि किशन ने दिया दिल जीतने वाला बयान

गोरखपुर में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काफिला कम न करने की अपील की.

X
Ashutosh Rai

गोरखपुर में शुक्रवार को आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान दिलचस्प चर्चा देखने को मिली. भोजपुरी अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले में कटौती को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए.

रवि किशन ने जताई चिंता

प्रबुद्ध सम्मेलन में बोलते हुए सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता के लिए लगातार काम कर रहे हैं. उनकी सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर आम जनप्रतिनिधियों को ईंधन बचाने या सादगी का संदेश देना है, तो वे खुद इसके लिए तैयार हैं. रवि किशन ने कहा कि वह खुद इलेक्ट्रिक वाहन से चल रहे हैं और जरूरत पड़ी तो साइकिल का भी इस्तेमाल करेंगे. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का काफिला कम करना उचित नहीं होगा.

योगी ने वैश्विक हालात का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उसके असर का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता पर बोझ कम रखने के लिए कई कदम उठाए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें और देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा दें. साथ ही सोने की खरीदारी कम करने और भारत का पैसा भारत में ही खर्च करने की सलाह भी दी.

सम्मेलन में मुख्यमंत्री का मजाकिया अंदाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से हल्के-फुल्के अंदाज में भी बात की. उन्होंने रवि किशन की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके मंच पर आते ही कूलर और एसी ने काम करना बंद कर दिया. मुख्यमंत्री के इस मजाक पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया. योगी ने कहा कि रवि किशन की ऊर्जा इतनी ज्यादा है कि मशीनें भी शायद उनके सामने टिक नहीं पा रही.