menu-icon
India Daily

UP Weather Alert: यूपी में भारी बारिश से तबाही, मकान और बिजली गिरने से 16 लोगों की मौत, आज भी इन 22 जिलों में अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है. मेरठ और मुरादाबाद में मकान और पेड़ गिरने से छह लोगों की जान गई, जबकि मिर्जापुर, प्रयागराज, बहराइच और गोंडा में बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हुई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने के निर्देश दिए. मौसम विभाग ने 22 जिलों में अलर्ट जारी किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather Alert: यूपी में भारी बारिश से तबाही, मकान और बिजली गिरने से 16 लोगों की मौत, आज भी इन 22 जिलों में अलर्ट जारी
Courtesy: Social Media

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारी बारिश के चलते मकान ढहने, पेड़ गिरने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है. मेरठ और मुरादाबाद में छह लोगों ने जान गंवाई, जबकि मिर्जापुर, प्रयागराज, बहराइच और गोंडा में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हुई.

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों से यूपी के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जलभराव, यातायात जाम और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं. मेरठ और मुरादाबाद में मकान ढहने और पेड़ गिरने से हादसे हुए, वहीं पूर्वी यूपी के जिलों में बिजली गिरने से बड़ी संख्या में जनहानि हुई.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को तुरंत अनुमन्य राहत राशि देने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही किसानों को हुए फसल नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा देने के आदेश भी दिए.

प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू कर दिए हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं. जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए पंप लगाए जा रहे हैं और बिजली बहाली के लिए प्रयास जारी हैं. आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक यूपी के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

इन जगहों पर अलर्ट जारी

पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 22 जिलों—प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, जौनपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, संभल और बदायूं में येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.