T20 World Cup 2026

यूपी में बीजेपी का नया अध्यक्ष तय! साध्वी निरंजन की जेपी नड्डा से मुलाकात ने बढ़ाई सस्पेंस

साध्वी निरंजन ज्योति की जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद यूपी बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. कई नामों पर चर्चा है लेकिन साध्वी निरंजन ज्योति सबसे आगे मानी जा रही हैं.

@SadhviNiranjan x account
Km Jaya

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलें गुरुवार को और तेज हो गईं जब फतेहपुर से पूर्व सांसद और पार्टी की वरिष्ठ नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. उन्होंने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा फैल गई कि क्या पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर लगभग मुहर लगा दी है. 

यूपी में संगठनात्मक बदलाव की संभावना को देखते हुए अगले दो से तीन दिनों में आधिकारिक घोषणा होने की बात कही जा रही है. यूं तो यूपी बीजेपी अध्यक्ष के लिए कई नामों पर चर्चा है जिनमें केशव प्रसाद मौर्य, धर्मपाल सिंह, बाबूराम निषाद, रामशंकर कठेरिया, दिनेश शर्मा और स्वतंत्र देव सिंह शामिल हैं लेकिन सबसे अधिक सुर्खियां साध्वी निरंजन ज्योति बटोर रही हैं क्योंकि उनकी मुलाकात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से ऐसे समय हुई है जब प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लिए जाने की प्रक्रिया तेज मानी जा रही है.

क्यों लगाई जा रहीं इनके नाम की अटकलें?

साध्वी निरंजन ज्योति अति पिछड़े निषाद मल्लाह समाज से आती हैं और मोदी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. वह बीजेपी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रही हैं और उन्हें पार्टी के सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने वाले नेता के रूप में देखा जाता है. बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें केशव प्रसाद मौर्य के साथ सह पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी दी गई थी. इस कारण यह अटकल और मजबूत हो गई है कि पार्टी उन्हें यूपी जैसे महत्वपूर्ण राज्य में संगठन की कमान सौंप सकती है.

मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

मुलाकात के बाद साध्वी निरंजन ज्योति ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट के दौरान बिहार विधानसभा में मिली विजय की शुभकामनाएं दीं. हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में यूपी संगठन के बदलाव को लेकर किसी भी चर्चा का जिक्र नहीं किया. इसके बावजूद राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि इस मुलाकात का समय बेहद अहम है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष पद को पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रणनीतिक रूप से देख रही है.

प्रदेश अध्यक्ष के चयन में बीजेपी जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर फैसला लेती है. ऐसे में निषाद मल्लाह समुदाय से आने वाली साध्वी निरंजन ज्योति इस समीकरण को बेहतर तरीके से साध सकती हैं.