'मैं रहूं या न रहूं....', तबीयत खराब होने के बीच प्रेमानंद महाराज ने भक्तों को दिया भावुक संदेश, सामने आया वीडियो

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज ने अस्वस्थता के बीच अपने भक्तों के लिए एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने सभी से निश्चिंत होकर केवल नाम जप और भजन करने की अपील की है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

मथुरा: बीते नौ दिनों से गंभीर अस्वस्थता के चलते एकांतवास में रह रहे देश के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज ने देश-दुनिया में फैले अपने लाखों शिष्यों और श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया है. केली कुंज आश्रम ट्रस्ट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए इस संदेश ने महाराज जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित उनके भक्तों की आंखों को नम कर दिया है.

इस वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों को सांत्वना देते हुए कहा कि वे उनकी सेहत को लेकर बिल्कुल भी फिक्र न करें. उन्होंने कहा, 'हम आपस में मिलें या न मिलें, बात करें या न करें, लेकिन हम आप सभी से अगाध प्रेम करते हैं. अंतिम बात यही है कि आपको किसी भी बात की चिंता नहीं करनी है. बिना बोले भी तुम्हारे गुरुदेव हमेशा तुम्हारे दिमाग में मौजूद रहेंगे.'

किडनी की बीमारी और नियमित डायलिसिस

गौरतलब है कि पिछले नौ दिनों से प्रेमानंद महाराज की प्रसिद्ध 'रात्रि पदयात्रा' पूरी तरह से स्थगित चल रही है. आश्रम के शिष्यों ने पहले ही यह बता दिया है कि महाराज जी का स्वास्थ्य इस समय ठीक नहीं है, जिसके कारण उन्होंने भक्तों से एकांतिक मुलाकात भी बंद कर दी है. महाराज जी की दोनों किडनियां लंबे समय से खराब हैं और उनकी नियमित डायलिसिस प्रक्रिया की जाती है.

एकांतवास केवल भक्तों के कल्याण के लिए

अपने वीडियो में महाराज जी ने आगे स्पष्ट किया कि वे इस समय जिस मौन और एकांतवास में रह रहे हैं, वह उनके अपने लिए नहीं बल्कि उनके प्रिय भक्तों के आध्यात्मिक कल्याण के लिए है. उन्होंने कहा कि जीवन में उनका जो कुछ होना था, वह ईश्वर की कृपा से हो चुका है. अब जो कुछ भी हो रहा है, वह सब भक्तों की भलाई के लिए है. उन्होंने सभी को अपनी-अपनी आध्यात्मिक सेवा में लीन रहने का आशीर्वाद दिया.

पदयात्रा रद्द किए जाने का हुआ था ऐलान

बता दें कि 17 मई की तड़के जब हमेशा की तरह हजारों श्रद्धालु महाराज जी के दिव्य दर्शनों के लिए सड़कों पर कतार लगाए खड़े थे, तब महाराज जी अपनी पदयात्रा पर बाहर नहीं निकले. उनकी जगह पहुंचे शिष्यों ने लाउडस्पीकर से घोषणा की थी कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण आगामी आदेश तक पदयात्रा रद्द की जा रही है. हालांकि, तीन दिन पहले महाराज जी अपने गुरु संत गोविंद शरण महाराज के दर्शन के लिए गए थे.

दर्शन के लिए उमड़ता है भक्तों का सैलाब

आमतौर पर जब प्रेमानंद महाराज स्वस्थ रहते हैं, तब वे प्रतिदिन तड़के तीन बजे केली कुंज आश्रम से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सौभरी वन तक पैदल यात्रा करते हैं. आम दिनों में भी उनकी एक झलक पाने के लिए सड़कों पर तड़के ही 20 हजार से अधिक लोग जमा हो जाते हैं. वहीं वीकेंड और त्योहारों पर यह संख्या लाखों में पहुंच जाती है. फिलहाल, भक्त सोशल मीडिया पर अपने गुरुदेव के जल्द स्वस्थ होने की लगातार प्रार्थना कर रहे हैं.