T20 World Cup 2026

'बेडरूम में गिर गए थे, सिर में चोट लगी थी', प्रतीक यादव की मौत को लेकर जिम पार्टनर का बड़ा दावा

प्रतीक यादव की मौत के मामले में उनके जिम पार्टनर ने दावा किया कि वह देर रात गिरकर घायल हुए थे. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म बताया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की मौत के मामले में उनके जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने प्रतीक यादव को लेकर कहा कि वो देर रात बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर चोट लगी थी. प्रतीक यादव की मौत के मामले में पुलिस सभी जरूरी कदम उठा रही है और जांच जारी है. 

बता दें कि मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे व अखिलेश के छोटे भाई प्रतीक यादव का आज सुबह निधन हो गया, जिसके बाद से ही उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म नाम की बीमारी को बताया जा रहा है, जिस वजह से फेफड़ों में खून के थक्के जम जाते हैं.

क्या कहा प्रतीक के जिम पार्टनर ने?

गौरतलब है कि प्रतीक यादव फिटनेस फ्रीक थे और जिम में वो जमकर पसीना बहाया करते थे. उनकी मसल्स को देखकर हर कोई उनके फिटनेस की तारीफ करता था, लेकिन जिस तरह से उनकी असमायिक मौत हुई है, उससे कई तरह के सवाल खड़े होते हैं. इसी बीच प्रतीक के जिम पार्टनर ने भी उनकी मौत को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि वो देर रात बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर चोट लगी थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की बात सामने नहीं आई है.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या?

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें उनकी मौत की वजह बड़े पैमाने पर हुए पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म को बताया गया है. डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने से कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ और इसकी वजह से दिल ने काम करना बंद कर दिया और फिर सांस रुक गई.  पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने मामले की गहराई से जांच के लिए हार्ट और लंग्स के सैंपल सुरक्षित रख लिए और विसरा को रासायनिक विश्लेषण के लिए  भेजा गया है ताकि मौत के स्पष्ट कारणों का सही से पता लगाया जा सके.

कल होगा अंतिम संस्कार

बता दें के मौत के बाद प्रतीक का पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंच चुका है, जिसके बाद शुभचिंतकों और समर्थकों के आने का सिलसिला जारी है. परिवार के सभी सदस्य तो मौजूद हैं ही, राजनीति से जुड़े तमाम दिग्गज भी उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं. सीएम योगी ने भी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. जानकारी के मुताबिक कल प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार होगा. कल दोपहर दो बजे पिपरा घाट पर उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी.