प्रेमी की पिटाई से नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, नीचे उतारने में छूटे पुलिस-प्रशासन के पसीने, सामने आया वीडियो

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में एक युवती अपने प्रेमी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गई. प्रेमी की पिटाई और परिजनों के विरोध से क्षुब्ध युवती को पुलिस और प्रशासन ने शादी का आश्वासन देकर सुरक्षित नीचे उतारा.

X
Kanhaiya Kumar Jha

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार को 'शोले' फिल्म के वीरू जैसा एक चौंकाने वाला वाकया सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. कुंडा कस्बे के मनगढ़ रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने करीब 4 बजे एक युवती को ऊंचे मोबाइल टावर की चोटी पर देखा. देखते ही देखते वहां हजारों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. लोग अपनी मोबाइल स्क्रीन पर इस 'रीयल लाइफ' ड्रामे का वीडियो बनाने लगे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, बाघराय थाना क्षेत्र की रहने वाली इस युवती का पड़ोस के ही एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस रिश्ते की खबर जब परिजनों को लगी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया. मामला तब और बिगड़ गया जब परिजनों ने युवक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद घायल प्रेमी ने युवती के परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. अपने प्यार के रास्ते में आई इन अड़चनों और प्रेमी की हालत से आहत होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया.

टावर की ऊंचाई से रखीं अपनी मांगें 

टावर पर चढ़ी युवती ऊपर से ही चिल्ला-चिल्लाकर अपनी शर्तें रख रही थी. उसकी मांग थी कि उसके प्रेमी के खिलाफ किए जा रहे अत्याचार बंद हों, परिजनों पर दर्ज कानूनी मुकदमा वापस लिया जाए और उसकी शादी उसी युवक से कराई जाए. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. प्रशासन ने युवती को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह टस से मस होने को तैयार नहीं थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पास के एक मकान की छत का सहारा लेकर उससे बातचीत शुरू की.

प्रशासनिक आश्वासन के बाद उतरी नीचे 

युवती की जिद के आगे झुकते हुए प्रशासन ने आनन-फानन में उसके प्रेमी और परिजनों को मौके पर बुलाया. अपनी आंखों के सामने प्रेमी को देखने और प्रशासन से शादी का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही युवती का गुस्सा शांत हुआ. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, शाम 6:15 बजे उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली पहुंची. एंटी-रोमियो टीम की प्रभारी निर्मला शर्मा ने बताया कि युवती फिलहाल सुरक्षित है और दोनों परिवार आपसी सुलह-समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं.