menu-icon
India Daily

रामलीला मेले के हिसाब पर खूनी विवाद! पीलीभीत में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या

Pilibhit Triple Murder: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में एक ऐसा विवाद हुआ, जिसमें तीन लोगों की हत्या कर दी गई है.

Shilpa Shrivastava
रामलीला मेले के हिसाब पर खूनी विवाद! पीलीभीत में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या
Courtesy: X

Pilibhit Triple Murder: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में एक ऐसा विवाद हुआ, जिसमें तीन लोगों की हत्या कर दी गई है. दरअसल, पीलीभीत में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर एक विवाद हुआ. रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान दो पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई. कुछ ही देर में विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई. इस दौरान दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की जान चली गई. 

हिसाब-किताब को लेकर कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे रामलीला कमेटी की बैठक चल रही थी. इस दौरान हिसाब-किताब को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई. जानकारी के अनुसार, कमेटी से जुड़े लोगों को पुराने पैसों का हिसाब देना था. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया. कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई और फिर गोलियां चलने लगीं. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत:

इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई. अंकित गुप्ता और 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा अंकित के भाई मोहित गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. 

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया:

जैसे ही घटना की सूचना मिली, पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए. पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव के मुताबिक, पुलिस ने मामले पर तुंरत कार्रवाई की. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरास्त में ले लिया. घटनास्थल से पुलिस को लाइसेंसी राइफल, अवैध हथियार, डंडे आदि बरामद हुए. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं.

शुरुआती जांच में रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर विवाद की बात सामने आई है. हालांकि, गोलीबारी किसने शुरू की और वारदात में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी. घटना के बाद अमरिया में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. अब पुलिस जांच से पता चलेगा कि मेले के पुराने हिसाब को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर तीन लोगों की हत्या तक कैसे पहुंच गया.