नोएडा में बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत, तेज हवा के साथ 33°C रहा तापमान

बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली. ऑफिस जाने वाले, बाजार में काम करने वाले और घरों में रहने वाले सभी को गर्मी से फुर्सत मिल गई. बच्चे भी बारिश का मजा लेते नजर आए.

Pinterest
Antima Pal

नोएडा: लगातार गर्मी और उमस भरी गर्मी से परेशान नोएडा वालों को बुधवार को राहत मिली. दोपहर करीब 12 बजे से शहर के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. कुछ जगहों पर तेज तो कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो रही है. बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिससे मौसम काफी सुहाना हो गया है.

बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली. ऑफिस जाने वाले, बाजार में काम करने वाले और घरों में रहने वाले सभी को गर्मी से फुर्सत मिल गई. बच्चे भी बारिश का मजा लेते नजर आए.

मौसम विभाग का अलर्ट

भारत मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार और गुरुवार दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार मानसून अच्छी तरह सक्रिय है और पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बना हुआ है. इसलिए आज और कल दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है.


तापमान और नमी

बारिश के कारण अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. हवा में नमी 80 प्रतिशत के करीब बनी हुई है, जिससे मौसम ठंडक भरा महसूस हो रहा है.

13 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुक्रवार से 13 जुलाई तक कोई बड़ा मौसम अलर्ट नहीं है. फिर भी इस दौरान रुक-रुककर हल्की बारिश होती रहेगी. इससे गर्मी का प्रकोप कम बना रहेगा और लोगों को सुकून मिलता रहेगा.

पानी भराव की समस्या

सोमवार को हुई बारिश के बाद बिसरख रोड समेत कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया था. हालांकि कुछ घंटों में पानी निकल गया. नोएडा प्राधिकरण की टीम जलभराव वाली जगहों पर नजर रखे हुए है. बारिश के मौसम में जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली कटौती जैसी छोटी-मोटी समस्याएं आम हैं. इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.