नोएडा एलिवेटेड एक्सप्रेस वे का बदलेगा पूरा नक्शा! 31 KM ट्रैक पर बनेंगे 4 नए लूप, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
नोएडा प्राधिकरण ने शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है. 31 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर चार नए लूप बनाए जाएंगे.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले और रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे समय से जाम, घंटों इंतजार और तनाव भरे सफर से परेशान लोग अब उम्मीद जगा सकते हैं. नोएडा प्राधिकरण ने एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का पूरा नक्शा बदलने का फैसला किया है. यह बदलाव आम आदमी की जिंदगी को आसान बनाने वाला साबित हो सकता है, खासकर ऑफिस जाने वाले युवाओं, व्यापारियों और परिवारों के लिए.
चार नए लूप से सीधी पहुंच
31 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर चार लूप बनाए जाएंगे. पहला डीएनडी के पास, दूसरा महामाया फ्लाईओवर के पास, तीसरा विश टाउन के पास और चौथा सेक्टर 150 के आसपास होगा. इन लूप्स के बनने से वाहनों को लंबा चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी और एक्सप्रेसवे से सीधे अलग-अलग सेक्टरों में एंट्री मिल सकेगी.
पुश्ता से नोएडा की तरफ शिफ्ट होगा ट्रैक
पहले ट्रैक पुश्ता की तरफ प्रस्तावित था, लेकिन अब पूरा एलिवेटेड ट्रैक नोएडा की तरफ बनाया जाएगा. यह 8 लेन का होगा और सेक्टर 94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा की सीमा तक जाएगा. महामाया के पास लिंक रोड भी बनाई जाएगी, जिससे चिल्ला एलिवेटेड रोड से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
Also Read
4300 करोड़ का प्रोजेक्ट, जुलाई तक जमीन साफ
पूरी परियोजना की लागत करीब 4300 करोड़ रुपये है. नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के अनुसार, नए एलाइनमेंट में कुछ जगहों पर जमीन संबंधी मुद्दे हैं, जिन्हें 31 जुलाई तक सुलझाने की तैयारी है. किसानों से चर्चा कर जमीन ली जाएगी या जरूरत पड़ने पर अधिग्रहण किया जाएगा.
ट्रैफिक दबाव घटेगा, सफर होगा सुगम
इस बदलाव से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का बोझ कम होगा. पहले एलाइनमेंट में कई कर्व आने की वजह से बदलाव किया गया है. अब ट्रैक पुस्ता रोड के समांतर चलेगा, जिससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आने-जाने वाले लोगों को काफी आसानी होगी.