सरेंडर से पहले यूपी पुलिस के सामने आराम से पी बीड़ी, लहराया तमंचा, वीडियो में देखें पत्नी के प्रेमी के हत्यारे का राउडी अंदाज
वारदात के बाद प्रदीप ने ‘मौत का खौफ 302’ नाम से सोशल मीडिया आईडी बनाकर करीब चार मिनट का वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उसने कहा कि उसने अपनी पत्नी को साथ ले जाने वाले व्यक्ति को सजा दी है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पत्नी के लिव-इन पार्टनर की सरेआम हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का नाम प्रदीप बताया गया है, जिसने वारदात के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी. गिरफ्तारी के समय उसने हाथ में तमंचा लेकर पुलिस को धमकाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
पत्नी के प्रेमी को मारी गोली
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सनसनीखेज मामला बहसूमा क्षेत्र का है, जहां प्रदीप ने सुनील उर्फ गाबा नामक व्यक्ति को दिनदहाड़े गोली मार दी थी. जांच में सामने आया कि सुनील का प्रदीप की पत्नी से संबंध था और दोनों साथ रह रहे थे. इसी को लेकर प्रदीप लंबे समय से गुस्से में था और बदला लेने की फिराक में था.
हत्या के बाद जारी किया वीडियो
वारदात के बाद प्रदीप ने ‘मौत का खौफ 302’ नाम से सोशल मीडिया आईडी बनाकर करीब चार मिनट का वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उसने कहा कि उसने अपनी पत्नी को साथ ले जाने वाले व्यक्ति को सजा दी है. उसने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए धमकी दी थी कि जो भी उसके परिवार के खिलाफ जाएगा, वह उसे भी नहीं छोड़ेगा. उसने अपनी पत्नी को भी जान से मारने की बात कही थी.
गिरफ्तारी के समय हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस जब आरोपी को पकड़ने पहुंची तो उसने हाथ में तमंचा लहराते हुए पुलिसकर्मियों पर भी निशाना साधा और धमकी दी. काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. अंततः पुलिस ने संयम और रणनीति से काम लेते हुए उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी से पहले आरोपी पुलिस के सामने बेखौफ अंदाज में बीड़ी पीता भी नजर आया.
पुलिस का बयान
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और धमकी सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि यह मामला अवैध संबंध और पुरानी रंजिश से जुड़ा है. इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.