उत्तर प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 24 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है.
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है. प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
आज प्रदेश के 24 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 22 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. इसके अलावा 56 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, भदोही, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कौशांबी, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और उन्नाव में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Also Read
लखनऊ में लगातार दूसरे दिन बारिश
राजधानी लखनऊ में भी मानसून का असर साफ दिखाई दे रहा है. शहर के कई इलाकों में लगातार दूसरे दिन सुबह से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार करीब दो दिन बाद राजधानी में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने की संभावना नहीं है. लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है.
19 अगस्त को पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार प्रदेश में नमी की स्थिति बनी हुई है. इसके कारण कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है. आज पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश से सटे जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 19 अगस्त को पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.