UP में स्कूल खेलों का महाकुंभ शुरू, 31 खेलों में दम दिखाएंगे छात्र; 30 जून से आगाज
उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेशीय विद्यालयी खेलकूद कैलेंडर जारी कर दिया है.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेशीय विद्यालयी खेलकूद कैलेंडर जारी कर दिया है. 30 जून से शुरू होकर 17 नवंबर तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में कुल 31 खेलों को शामिल किया गया है.
इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को भी सभी स्तरों की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
पहली बार बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों को मौका
शिक्षा निदेशक माध्यमिक की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) के छात्र-छात्राएं इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे. इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा.
Also Read
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को अलग इकाई के रूप में प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा. इनके लिए जिला और मंडल स्तर पर अलग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. अंतरमंडलीय प्रदर्शन के आधार पर प्रदेशीय टीम का चयन किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया समग्र शिक्षा के बालिका प्रकोष्ठ द्वारा तय की जाएगी.
हर विद्यालय के लिए दो खेलों में भागीदारी अनिवार्य
खेलों में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कम से कम दो अलग-अलग खेलों में भाग लेना अनिवार्य किया गया है. इनमें एक टीम गेम और एक व्यक्तिगत खेल या दोनों टीम गेम शामिल हो सकते हैं. विद्यालय अपनी सुविधा और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार खेलों का चयन कर सकेंगे. हालांकि, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) द्वारा सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड को अलग इकाई का दर्जा दिए जाने के कारण इन बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों के खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे.
नौ नए खेलों को ट्रायल आधार
इस वर्ष वुशू, मलखम्भ, गतका, कलारीपयट्टू, शतरंज, योगासन, थांगता मार्शल आर्ट और कुराश जैसे खेलों को ट्रायल आधार पर प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया है. इसके अलावा नेटबाल, रग्बी, स्केटिंग, तलवारबाजी, साइक्लिंग, टेनिस और मॉडर्न पेंटाथलॉन के लिए चयन ट्रायल आयोजित कर प्रदेशीय टीमों का गठन किया जाएगा.
खेल कैलेंडर की शुरुआत 30 जून से झांसी में आयोजित सब जूनियर और जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता से होगी. इसके बाद अगस्त से नवंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैराकी, तीरंदाजी, कराटे, शूटिंग, जिम्नास्टिक, फुटबॉल, कुश्ती, जूडो, बास्केटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.