Assembly Election 2026

मेरठ: पत्नी के वीडियो से ब्लैकमेल करने पर युवक ने की महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मेरठ में पुलिस ने 35 वर्षीय महिला गुलफशां की हत्या के मामले के आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है. चलिए जानते हैं जांच में क्या सामने आया है.

Pinterest
Km Jaya

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से रिश्तों, ब्लैकमेल और हत्या से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने 35 वर्षीय महिला गुलफशां की हत्या के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि अश्लील वीडियो को लेकर ब्लैकमेल किए जाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस के मुताबिक गुलफशां का शव शनिवार सुबह एक खेत में मिला था. शव पर कई गहरे घाव थे, जिससे साफ था कि महिला पर बेहद बेरहमी से हमला किया गया. पुलिस ने बाद में घटनास्थल के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया.

जांच में क्या चला पता?

जांच में पता चला कि गुलफशां कथित तौर पर सोनू को उसकी पत्नी के एक आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रही थी. पुलिस के अनुसार यह वीडियो पहले गुलफशां के पति मोनू ने बनाया था. बताया जा रहा है कि मोनू का भी सोनू की पत्नी के साथ संबंध था. रिश्तों के इस उलझे जाल ने आखिरकार एक खौफनाक हत्या का रूप ले लिया.

पुलिस ने बताया कि गुलफशां और मोनू महमूदपुर गांव के रहने वाले थे और उनकी शादी दो साल पहले हुई थी. शुक्रवार को गुलफशां अपने बच्चों के लिए किताबें खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी. अगले दिन उसका शव खेत में मिला.

पूछताछ में आरोपी सोनू ने क्या बताया?

पूछताछ में आरोपी सोनू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि गुलफशां ब्लैकमेल  कर रही थी, उससे पैसे मांग रही थी और मना करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दे रही थी. इससे परेशान होकर उसने गुलफशां को मिलने के बहाने खेत में बुलाया.

पुलिस ने इस मामले के बारे में क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक वहां दोनों के बीच बहस हुई और फिर सोनू ने धारदार हथियार से महिला के सिर, गर्दन और शरीर पर कई वार किए. जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की थी. संघर्ष के दौरान उसकी एक उंगली कट गई थी और घटनास्थल पर काफी दूर तक खून फैला मिला.

गुलफशां के पिता शाहिद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.