सांप से डसवाया, गोली चलवाई और एक ने दी सुपारी! मेरठ की 5 कातिल पत्नियों की कहानी
मेरठ में पति की हत्या के आरोपों से जुड़े कई मामलों ने लोगों को हैरान किया है. किसी मामले में हत्या को सांप के काटने का रूप देने की कोशिश का आरोप है.
मेरठ में प्यार में अंधी होकर पति की हत्या करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुस्कान और साहिल को कोर्ट से हत्या का दोषी करार दिए जाने के बाद जेल में बंद अन्य महिलाओं में डर का माहौल बन गया है. खबर है कि जेल के अंदर मुस्कान के साथ-साथ अन्य महिलाएं भी अब सुंदरकांड का पाठ करने लगी हैं, ताकि उन्हें भी राहत मिल सके. इस बीच सात अक्टूबर को अमित हत्याकांड में भी फैसला आने वाला है, जिसमें पत्नी रविता ने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति पर सांप छुड़वाकर उसकी जान ले ली थी. इसके अलावा संगीता, अंजलि, कोमल और कविता के मामलों में भी सुनवाई जारी है, जबकि दामिनी के मामले में पुलिस आरोप पत्र पहले ही दाखिल कर चुकी है.
गोली मरवाकर करा दी पति की हत्या
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर गांव की रहने वाली अंजलि का दिल तीन बच्चों के पिता पति राहुल को छोड़कर पड़ोसी अजय पर आ गया था. अजय अक्सर अंजलि को होटल ले जाता, जिसका राहुल विरोध करता था. एक नवंबर 2025 को अंजलि ने राहुल को गांव के बाहर मंदिर बुलाया, जहां अजय ने पहले से घात लगाकर उस पर तीन गोलियां चला दीं. मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.
सांप खरीदकर रचा हत्या का नाटक
बहसूमा के अकबरपुर सादात की रविता ने 17 अप्रैल 2025 को प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित की गला दबाकर हत्या कर दी थी. इसके बाद दोनों ने बाजार से एक सांप खरीदा और उसे अमित के बिस्तर पर छोड़कर सर्पदंश से मौत का नाटक रचा. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि होते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था.
Also Read
- आज आएगा मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम हत्याकांड में फैसला, दोषी पाए गए तो सजा पर होगी सुनवाई
- Eat Right Summit में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिया संदेश, बोले- थाली में श्री अन्न और मोटे अनाज को बनाएं हिस्सा
- UP Election 2027: 'अगली 5 पुश्तों तक PM नहीं बन सकेंगे', 150 सीटों की मांग पर सपा नेता का कांग्रेस को जवाब
BSF जवान की हत्या के लिए दी छह लाख की सुपारी
परीक्षितगढ़ के अगवानपुर में बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या में पत्नी कोमल का नाम सामने आया, जिसने बहन के मंगेतर गुलशन के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी. जांच में खुलासा हुआ कि कोमल ने हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी जुटाने को अपने गहने तक गिरवी रख दिए थे. पुलिस ने कोमल समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, मामला अब कोर्ट में है.
मां-बेटी ने मिलकर उड़ाई थी पति की जिंदगी
जानी खुर्द निवासी सुभाष की हत्या में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि पत्नी कविता के साथ-साथ उनकी बेटी सोनम भी इस साजिश में शामिल थी. 23 जून 2025 को बेटी के प्रेमी विपिन ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सुभाष को गोली मार दी थी. इस मामले में पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हुई, हालांकि कविता और सोनम फिलहाल जमानत पर बाहर हैं और ट्रायल जारी है. वहीं जानी के कुसैडी गांव में लोडर ऑपरेटर अजय कुमार की भी पत्नी संगीता ने प्रेमी अवनीश के साथ मिलकर ईंट से कुचलकर हत्या करा दी थी.