तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, बस से उतरे यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचला, एक साथ 6 लोगों की मौत

मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है. दिल्ली से कानपुर जा रही बस गलत जगह रोकी गई थी. पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया.

X
Babli Rautela

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. यह दुर्घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास हुई. दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस तड़के करीब पौने 3 बजे यहां पहुंची थी. इसी दौरान कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने की मांग की.

बस चालक ने नियमों को नजरअंदाज करते हुए बस को सुरक्षित ग्रीन जोन में न रोककर एक्सप्रेसवे के किनारे ही रोक दिया. जैसे ही बस रुकी कई यात्री नीचे उतर गए और सड़क किनारे खड़े हो गए. उसी समय पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक बस से टकराया और नियंत्रण खोते हुए नीचे खड़े यात्रियों को कुचलता चला गया.

मौके पर मची अफरा तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई. कुछ लोग इधर उधर भागने लगे जबकि कई यात्री सड़क पर ही गिर पड़े. कुछ ही सेकंड में खुशहाल यात्रा मातम में बदल गई. आसपास से गुजर रहे वाहन भी अचानक रुक गए और लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

इस दर्दनाक हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष के रूप में हुई है. दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.

पुलिस और प्रशासन का बयान

घटना की जानकारी मिलते ही सुरीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और राहत कार्य शुरू कराया. इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि हादसे के समय मौसम साफ था और कोहरा नहीं था. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.

हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को हटाने में पुलिस और राहत टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया. इस दौरान सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.