मथुरा: जनपद के सुरीर थाना क्षेत्र के टैंटी गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है. हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये की नगदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए. वारदात के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार टैंटी गांव के हरिया रोड निवासी अजय अग्रवाल परचून की दुकान चलाते हैं. उनकी दुकान के ऊपर ही उनका मकान बना हुआ है, जहां वह अपनी पत्नी अनीता और पिता के साथ रहते हैं. रोजाना की तरह गुरुवार शाम को अजय दुकान बंद कर अपने घर चले गए. रात में वह और उनकी पत्नी नीचे के हिस्से में सो रहे थे, जबकि उनके पिता मकान की ऊपरी मंजिल पर विश्राम कर रहे थे.
देर रात करीब 1 बजे 5 से ज्यादा अज्ञात बदमाश हथियारों के साथ घर में घुस आए. बदमाशों ने सबसे पहले नीचे सो रहे अजय अग्रवाल और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया और हथियारों के बल पर बंधक बना दिया. इसी दौरान अन्य बदमाश ऊपर पहुंचे और वहां सो रहे उनके पिता को भी बंधक बना लिया. अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार दहशत में आ गया.
बदमाशों ने अजय अग्रवाल से अलमारी और तिजोरी की चाबियां मांगीं. जान के खतरे को देखते हुए अजय ने चाबियां सौंप दीं. इसके बाद बदमाशों ने बड़े इत्मीनान से घर के हर कोने की तलाशी ली. करीब दो घंटे तक बदमाश घर में मौजूद रहे और नगदी व जेवरात समेटते रहे.
पीड़ित अजय अग्रवाल के अनुसार बदमाश करीब 3 लाख रुपये नगद, सोने की अंगूठी, पत्नी के कानों के कुंडल सहित अन्य कीमती आभूषण लूट ले गए. कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये से अधिक की लूट की गई है. वारदात के बाद परिवार सदमे और दहशत में है.
बदमाश अपनी पहचान छुपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनका DVR भी अपने साथ ले गए. इससे पुलिस के लिए जांच में शुरुआती चुनौती बढ़ गई है.
घटना की सूचना मिलते ही सुरीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली. बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है.