IPL 2026

नोएडा की स्पार्क मिंडा कंपनी के प्लांट में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार

नोएडा के सेक्टर 59 में स्पार्क मिंडा कंपनी के प्लांट में शनिवार शाम भीषण आग लग गई. आग लगने के बाद धुएं ने पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले लिया. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है

x
Sagar Bhardwaj

नोएडा के सेक्टर 59 में शनिवार की शाम अचानक अफरातफरी मच गई. यहां स्थित ऑटोमोटिव पार्ट्स बनाने वाली प्रमुख कंपनी स्पार्क मिंडा के प्लांट में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले-काले धुएं के बादल छाने लगे. इतना घना धुआं था कि करीब दो किलोमीटर के दायरे में कुछ भी साफ नहीं दिख रहा था. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.

कैसे लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, यह आग शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे लगी. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. प्लांट के अंदर अचानक तेज चिंगारी उठी और फिर कुछ ही पलों में आग ने पूरे फर्श को अपनी चपेट में ले लिया. कंपनी के अंदर काम कर रहे मजदूर और अधिकारी जैसे-तैसे बाहर निकले. शोर सुनकर आसपास के अन्य प्लांटों और कार्यालयों के लोग भी बाहर आ गए. धुएं का गुबार इतना घना था कि वह सेक्टर-59 से आगे बढ़कर सेक्टर-58 और सेक्टर-60 तक पहुंच गया. लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके चलते कई लोगों ने मास्क लगा लिए.

 बचाव अभियान जारी  

सूचना मिलते ही नोएडा अग्निशमन विभाग ने तुरंत हरकत में आ गया. मौके पर दस से अधिक दमकल गाड़ियां पहुंच गईं. कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी और फोम का इस्तेमाल शुरू कर दिया. हालांकि प्लांट के अंदर रखे रसायन और कच्चे माल के कारण आग तेजी से फैली. दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. साथ ही पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया है ताकि भीड़ इकट्ठा न हो और राहत-बचाव कार्यों में बाधा न आए. प्रशासन ने आसपास के इलाकों से लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी है. फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है और बुझाने का काम जारी है.