धड़ से सिर गायब...6 टुकड़ों में काटा शरीर, छपरा-गोमती एक्सप्रेस में बक्से में मिला महिला का शव
लखनऊ में छपरा गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच से एक महिला का कटा फटा शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला के शरीर के टुकड़ों को बक्से और बैग में पैक करके ट्रेन में छोड़ा गया था.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. छपरा गोमती नगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक महिला का कटा फटा शव मिलने से रेलवे स्टेशन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. महिला के शरीर के टुकड़ों को अलग अलग बैग और बक्से में पैक कर ट्रेन में छोड़ दिया गया था. इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में डर और दहशत का माहौल बन गया है. पुलिस को शक है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और फिर पहचान छिपाने के मकसद से शव के टुकड़े कर ट्रेन में रख दिए गए.
रेलवे स्टेशन पर मिला टुकड़ों से भरा बैग
जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार की है, जब छपरा से चलकर ट्रेन गोमती नगर रेलवे स्टेशन पहुंची. सभी यात्रियों के उतरने के बाद ट्रेन को नियमित सफाई के लिए वॉशिंग यार्ड में भेजा गया. सफाई के दौरान एक कर्मचारी की नजर स्लीपर कोच S 1 में पड़े एक लावारिस बक्से और बैग पर पड़ी. सामान काफी संदिग्ध लग रहा था, जिसके बाद कर्मचारी ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंच गई. फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया.
बक्सा खुलते ही कर्मचारियों के उड़ गए होश
जब पुलिस अधिकारियों ने बक्सा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. बक्से के अंदर एक महिला का बिना सिर का धड़ मिला. वहीं पास रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें महिला के कटे हुए हाथ और पैर प्लास्टिक में पैक हालत में मिले. पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है. हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है क्योंकि शव का सिर गायब है. पुलिस को शक है कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए महिला के शरीर के कई टुकड़े कर दिए.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या ट्रेन में नहीं बल्कि किसी दूसरी जगह पर की गई थी. बाद में शव के टुकड़ों को बैग और बक्से में भरकर ट्रेन में रखा गया. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी ने भीड़भाड़ वाले ट्रेन रूट का फायदा उठाया ताकि किसी को उस पर शक न हो. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बक्सा और बैग ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाया गया था.