Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के NDA का प्लान सेट, सहयोगी दलों के लिए 6 सीटें छोड़ेगी भाजपा
Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो गया है. चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखें जारी करने से पहले बीजेपी उत्तर प्रदेश में कुछ उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है.
Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए NDA ने प्लान सेट कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने एनडीए साथियों के साथ सीट बंटवारे का फार्मूला तय कर लिया है. भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने साथियों के लिए लोकसभा की छह सीटें छोड़ेगी. यानी उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 74 पर भाजपा चुनाव लड़ेगी, जबकि 6 अन्य पर एनडीए में शामिल दलों के प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए अपनी सहयोगी दलों में शामिल RLD को 2, अपना दल को 2, सुभासपा को 1 और निषाद पार्टी को 1 सीट देगी. केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी यानी अपना दल (सोनेवाल) को मिर्जापुर सीट मिल सकती है. वहीं, जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल को बागपत और मुजफ्फरनगर सीट मिल सकती है.
सूत्रों के मुताबिक, संजय निषाद की पार्टी को खलीलाबाद लोकसभा सीट मिल सकती है, जबकि ओमप्रकाश राजभर की सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी को गाजीपुर या चंदौली में से कोई सीट मिल सकती है.
आज जारी हो सकती है पहली लिस्ट
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मैराथन मंथन किया है. गुरुवार देर रात करीब 3 बजे तक भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई है. बैठक की अध्यक्षता पीएम मोदी कर रहे थे. करीब 6 घंटे तक चली बैठक के बाद आज भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए पहली लिस्ट जारी कर सकती है.
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखें जारी करने से पहले बीजेपी उत्तर प्रदेश में कुछ उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है. बैठक में यूपी, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, राजस्थान, गोवा और गुजरात की लोकसभा सीटों को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई है. माना जा रहा है कि भाजपा 10 मार्च से पहले कम से कम 300 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करना चाहती है, ताकि उम्मीदवारों को तैयारी के लिए पूरा वक्त मिल सके और एनडीए का 400 पार का सपना साकार हो सके.
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे. इनके अलावा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित राज्य के प्रमुख नेता भी बैठक में मौजूद रहे.
और पढ़ें
- Lok Sabha Election 2024: 100 की लिस्ट... 12 के नाम बाहर, लोकसभा चुनाव से पहले खुल गया बीजेपी का प्लान
- Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए BJP आज जारी करेगी पहली लिस्ट! जानें किनका नाम हो सकता है शामिल
- 'BJP को वोट दो नहीं तो नर्क में जाओगे', लोकसभा चुनाव से पहले तेलंगाना के बीजेपी सांसद का वीडियो हुआ वायरल