गुटखा थूकने के लिए खोला कार का दरवाजा, पीछे से आ रहे स्कूटी सवार की मौत; CCTV में कैद हुई लापरवाही

कानपुर में सड़क पर खड़ी कार का दरवाजा अचानक खोलने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. गुटखा थूकने के लिए बिना पीछे देखे कार का गेट खोलने पर स्कूटी सवार युवक उससे टकरा गया और उसकी मौत हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

X
Babli Rautela

कानपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खोलने से एक स्कूटी सवार युवक की जान चली गई. यह दर्दनाक हादसा न केवल एक परिवार के लिए दुख का कारण बना बल्कि सड़क पर बरती जाने वाली छोटी लापरवाहियों के खतरनाक परिणाम भी सामने लेकर आया है. मृतक की पहचान 42 साल के इजहार हुसैन के रूप में हुई है, जो सरकारी राशन की दुकान पर काम करते थे. उनके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं. परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी.

काम से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

परिजनों के अनुसार इजहार हुसैन मंगलवार दोपहर अपना काम खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे. जब वह बेनाझाबर इलाके में एक होटल के सामने पहुंचे, तभी सड़क पर खड़ी कार में बैठे चालक ने गुटखा थूकने के लिए बिना पीछे देखे अचानक दरवाजा खोल दिया. अचानक सामने आए कार के गेट को देखकर इजहार संभल नहीं सके और सीधे उससे टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार का दरवाजा अचानक खुलता है और पीछे से आ रहा स्कूटी सवार उससे टकरा जाता है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा. लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह रास्ते में कार छोड़कर फरार हो गया. इजहार हुसैन की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. पत्नी और चारों बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि इजहार ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. एक पल की लापरवाही ने पूरे परिवार का सहारा छीन लिया. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए सड़क पर वाहन चलाने और पार्किंग के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.


पुलिस ने शुरू की आरोपी चालक की तलाश

पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इसी दिन कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सरसौल पुल के पास सुबह तड़के एक अज्ञात वाहन ने जेसीबी चालक सौरभ गुप्ता को टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच कर रही है.