'NDA का ‘N’ कभी नहीं बदलेगा', स्वाभिमान रैली में जयंत चौधरी ने PDA पर कसा तंज; अखिलेश को दी खुली चुनौती

सहारनपुर की स्वाभिमान रैली में जयंत चौधरी ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने PDA पर निशाना साधते हुए NDA के ‘N’ को स्थायी बताया, गन्ना किसानों के मुद्दे उठाए और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की.

india daily 24X7
Kuldeep Sharma

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में आयोजित स्वाभिमान रैली में राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किसानों, युवाओं और राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर बात की. रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. मंच पर पहली बार उनकी पत्नी और बेटी की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही.

हजारों की भीड़ के बीच जयंत का शक्ति प्रदर्शन

गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में हुई रैली में ढोल-नगाड़ों और ‘जय किसान, जय स्वाभिमान’ के नारों के बीच जयंत चौधरी का स्वागत किया गया. उनके साथ बिजनौर सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. भाषण की शुरुआत उन्होंने नेपाल में हुई त्रासदी पर संवेदना जताकर की. उन्होंने बताया कि संस्था परिसर में अब उनके नाम का शिलापट्ट भी लगाया जाएगा, जिसके लिए सांसद खेल निधि का इस्तेमाल किया जाएगा.

PDA पर तंज, बोले- NDA का ‘N’ नहीं बदलेगा

राजनीतिक हमले के दौरान जयंत चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि PDA की परिभाषा लगातार बदल रही है, लेकिन NDA का ‘N’ कभी नहीं बदलेगा. उन्होंने गन्ना किसानों को किए गए भुगतान का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है. समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसानों और गन्ने के दाम की चिंता है तो खुलकर इसकी मांग करनी चाहिए. उन्होंने एथेनॉल के मुद्दे को लेकर भी सपा पर निशाना साधा.


किसान लॉबी मजबूत करने पर जोर

जयंत चौधरी ने किसानों से अपनी राजनीतिक और सामाजिक ताकत मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि किसान लॉबी जितनी मजबूत होगी, नीति बनाने की प्रक्रिया में किसानों की आवाज उतनी प्रभावी तरीके से पहुंचेगी. विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उसे किसानों से ज्यादा ‘रसगुल्लों’ की चिंता है. युवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने रोजगार और आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत बताई. उनका कहना था कि नई पीढ़ी को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.

नशे के खिलाफ नई मुहिम का संदेश

रैली में जयंत चौधरी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर समस्या बताया. उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह हमेशा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाते थे और नशे को समाज के लिए बड़ी चुनौती मानते थे. उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति की मदद करें और टोल-फ्री नंबर 14446 पर संपर्क करें. भाषण के अंत में उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि ‘ABCD’ के बाद अब ‘G’ यानी गन्ना आता है. इस पर सभा में जमकर तालियां बजीं.