menu-icon
India Daily

5वीं मंजिल से कूदकर 30 साल की युवती ने मौत को लगाया गले, सुसाइड नोट में जानें क्या लिखा?

30 साल की युवती ने 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. इसी के साथ उसने सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां किया. युवती ने लिखा- 'महादेव, मेरी जिंदगी में अब बचा ही क्या है. मैं अब जीना नहीं चाहती.'

antima
Edited By: Antima Pal
5वीं मंजिल से कूदकर 30 साल की युवती ने मौत को लगाया गले, सुसाइड नोट में जानें क्या लिखा?
Courtesy: x

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में एक दुखद घटना ने सबको झकझोर दिया है. 30 वर्षीय बरखा सिंह नाम की युवती ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा था- 'महादेव, मेरी जिंदगी में अब बचा ही क्या है. मैं अब जीना नहीं चाहती. मेरी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए.' 

5वीं मंजिल से कूदकर युवती ने मौत को लगाया गले

यह हादसा ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में जलपुरा गांव की ट्विंस बिल्डिंग में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे हुआ. बरखा सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खोजी गांव की रहने वाली थीं. बचपन से ही वे अपनी नानी के साथ इस फ्लैट में रह रही थीं. उनकी मां की मौत उनके बचपन में ही हो चुकी थी और पिता उनसे अलग रहते हैं. परिवार की यह परिस्थिति शायद उनके मन पर गहरा असर डाल रही थी.

मृतका के कमरे से सुसाइड नोट बरामद

पुलिस के मुताबिक बरखा रात में अचानक फ्लैट की छत पर गईं और वहां से नीचे कूद गईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. लेकिन युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जांच अधिकारी ने बताया कि मृतका के कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपनी निराशा जाहिर की है और किसी को दोषी नहीं ठहराया है.

नानी के साथ अकेले रहती थी युवती

बरखा सिंह की जिंदगी में कई मुश्किलें थीं. मां का न होना, पिता का अलग होना और नानी के साथ अकेले रहना- ये सब मिलकर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता था. पड़ोसियों का कहना है कि वे शांत स्वभाव की थीं और किसी को अपनी परेशानी ज्यादा नहीं बताती थीं. हाल के दिनों में वे कुछ उदास दिख रही थीं, लेकिन किसी ने इसे इतना गंभीर नहीं समझा. यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को सामने लाती है.

पुलिस ने मामले की पूरी जांच शुरू कर दी है. सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है. इस घटना ने इलाके में शोक की लहर फैला दी है.