नोएडा-गाजियाबाद से लेकर वाराणसी तक तेज बारिश के आसार, IMD ने यूपी के इन जिलों में जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है. IMD ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. किसानों की सुरक्षा के लिए खास निर्देश दिए गए हैं. हालांकि बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है. फरवरी के अंत से ही गर्मी तेज हो रही थी, लेकिन अचानक बारिश और तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई है. इसी बीच मौसम विभाग की ओर से नया अलर्ट जारी किया गया है. IMD अपडेट के मुताबिक पूर्वांचल तक के इलाकों में चमक-गरज और आंधी के साथ बारिश की संभवाना है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाएं लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है. इसके अलावा बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग की ओर से कुछ जिलों में तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है.  

इन जिलों के लिए चेतावनी जारी 

मौसम विभाग ने  आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, मैनपुरी, एटा, अलीगढ़, हाथरस, बुलंदशहर के लिए खास अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है. इसके अलावा बलिया, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर में भी बारिश लोगों की मुसीबत को बढ़ा सकती है. ऐसे में लोगों को खुले इलाके में ना जाने की सलाह दी गई है. किसानों को खेती के काम को अभी के लिए रोक देने के लिए कहा गया है. 

सुरक्षा के लिए खास निर्देश

IMD की मानें तो तापमान में गिरावट आ सकती है. जिससे लोगों को तेज धूप से राहत मिलेगी, हालांकि लगातार ऊपर-नीचे हो रहे मौसम का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा. इसके अलावा जो किसान अभी फसल काटने की तैयारी कर रहे थे, उनकी फसल खराब भी हो सकती है. इसलिए किसानों को मौसम पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई  है. आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी कुछ खास निर्देश दिए गए हैं. लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने के लिए कहा गया है. इसके अलावा बिजली चमकने और गिरने के समय पर मोबाइल या धातु की वस्तुओं का उपयोग ना करने की सलाह दी गई है.