हाथरस: हाथरस के मुरसान इलाके में गुरुवार तड़के एक सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया. तेज रफ्तार से आ रहा एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ता हुआ सीधा रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा. उस समय अच्छी बात यह है कि कोई ट्रेन ट्रैक पर नहीं थी, जिस वजह से एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई.
गनीमत रही कि आसपास फुटपाथ पर सो रहे लोग भी इस हादसे का शिकार नहीं हुए. इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मुरसान में हाथरस की ओर से आ रहा कंटेनर गुरुवार सुबह अनियंत्रित हो गया और रेलवे ट्रैक के पास बनी दीवार को तोड़कर ट्रैक पर चढ़ गया. सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और कंटेनर को ट्रैक से हटवाया.
कंटेनर चला रहे रवींद्र नाम के ड्राइवर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है. चालक हाथरस सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला टीका गांव का रहने वाला है. मथुरा RPF ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कंटेनर को भी सीज कर दिया गया है.
यह घटना एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है. अगर उस समय कोई ट्रेन गुजर रही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. साथ ही ट्रैक के पास फुटपाथ पर सो रहे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी.
पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. अधिकारियों ने आसपास के इलाके में जांच शुरू कर दी है कि कंटेनर अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण था – ब्रेक फेलियर, चालक की लापरवाही या कोई और वजह.
स्थानीय लोग इस घटना से काफी सकते में हैं. उन्होंने मांग की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा दीवार को और मजबूत बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं.