IPL 2026

ग्रेटर नोएडा में आग का तांडव! शाहबेरी फर्नीचर मार्केट धू-धू कर जला, 7 दुकानें स्वाहा; लाखों का सामान राख

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई. देर शाम अचानक एक दुकान में आग लगने से मार्केट में अफरा-तफरा मच गई. फिलहाल आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.

X (@ANI)
Meenu Singh

नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई. देर शाम अचानक एक दुकान में आग लगने से मार्केट में अफरा-तफरा मच गई. फिलहाल आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. देखते ही देखते आग पूरे मार्केट में फैल गई जिस पर काबू पाना मुश्किल हो गया, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को सूचित किया गया.

बाजार में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि दुकानदार अपने सामान को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुट गए. कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका अफरा-तफरी और दहशत के माहौल में बदल गया.

30 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर लगाया गया. लगभग एक घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली, लेकिन सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. आग के कारण लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया. 

क्यों तेजी से फैली आग?

बताया जा रहा है कि फर्नीचर मार्केट में बड़ी मात्रा में लकड़ी, फोम, कपड़ा और प्लाईवुड रखा होने के कारण आग तेजी से फैली. शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में ज्यादातर दुकानें फर्नीचर और होम डेकोर से जुड़ी हैं, जहां ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में मौजूद था. यही वजह है कि आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.

इलाके का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है शाहबेरी मार्केट

शाहबेरी फर्नीचर मार्केट ग्रेटर नोएडा वेस्ट का एक प्रमुख कारोबारी केंद्र माना जाता है. यहां लकड़ी और स्टील के फर्नीचर, ऑफिस फर्नीचर, कस्टम मेड आइटम्स और होम डेकोरेशन से जुड़ा सामान बड़ी संख्या में बिकता है. आसपास की रिहायशी सोसायटियों के लोग खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं. फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है.