गोरखपुर में गूंजेगा तिरंगे का जयघोष, CM योगी निकालेंगे 2 KM लंबी यात्रा; देंगे 69.58 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार शाम गोरखपुर पहुंचेंगे. सोमवार को वह करीब दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे और 69.58 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का लोकार्पण करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार शाम तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे. उनके दौरे को लेकर शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. सोमवार सुबह मुख्यमंत्री रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे. करीब दो किलोमीटर लंबी यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रेलवे स्टेशन के सामने महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचेगी. दोपहर बाद मुख्यमंत्री एक बड़ी सड़क परियोजना का लोकार्पण करेंगे. मंगलवार को वह संत कबीर नगर रवाना होंगे.
रानी लक्ष्मीबाई पार्क से निकलेगी तिरंगा यात्रा
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री रानी लक्ष्मीबाई पार्क पहुंचेंगे. रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वह लोगों को संबोधित करेंगे. इसके बाद तिरंगा यात्रा टाउनहाल, गोलघर, गणेश चौराहा, काली मंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचेगी. यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन होगा.
69.58 करोड़ की सड़क परियोजना का लोकार्पण
दोपहर बाद करीब चार बजे मुख्यमंत्री सोनौली रोड से ग्रीन सिटी होते हुए माधवपुर बांध तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे. इस परियोजना पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. इसके बाद मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री संत कबीर नगर के लिए रवाना होंगे, जहां वह लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
Also Read
प्रशासन ने पूरे मार्ग का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को तिरंगा यात्रा के मार्ग का जायजा लिया. नगर निगम, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक व्यवस्थाएं देखीं. साफ-सफाई, बिजली के तार, यातायात और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
बारिश और जलभराव को लेकर विशेष तैयारी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए. बारिश की संभावना को देखते हुए जलभराव रोकने की व्यवस्था पहले से करने को कहा गया. साथ ही पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन को सभी तैयारियां रविवार शाम तक पूरी करने और यात्रा को गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कहा गया है.
आम लोगों से की गई तिरंगा फहराने की अपील
यातायात व्यवस्था को इस तरह तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. प्रशासन ने शहरवासियों से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आग्रह भी किया गया है. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और अन्य विभाग लगातार तैयारियों में जुटे हैं.