अब नौकरी के लिए नोएडा और गुरुग्राम जाने की जरूरत नहीं, गाजियाबाद में बन रहा है बड़ा साइबर हब

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में शहर का पहला साइबर हब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. करीब 600 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में आईटी कंपनियां, स्टार्टअप, डेटा सेंटर, स्टूडियो फ्लैट और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

Instagram
Babli Rautela

गाजियाबाद जल्द ही उत्तर प्रदेश के प्रमुख डिजिटल और आईटी केंद्रों में अपनी पहचान बना सकता है. नगर निगम ने क्रॉसिंग रिपब्लिक में शहर का पहला साइबर हब विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य गाजियाबाद को आईटी, स्टार्टअप और डिजिटल कारोबार का नया केंद्र बनाना है. इसके शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलने के साथ ही कारोबार को भी नई रफ्तार मिलेगी.

600 करोड़ रुपये की परियोजना पर चल रहा काम

नगर निगम के पास क्रॉसिंग रिपब्लिक में करीब 25 हजार वर्गमीटर जमीन उपलब्ध है. हाल ही में इस भूमि की पैमाइश कर इसे साइबर हब के लिए उपयुक्त माना गया है. अब नगर निगम इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट पर लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे मंजूरी के लिए शासन के पास भेजा जाएगा.

आईटी कंपनियों और स्टार्टअप को मिलेगा नया ठिकाना

प्रस्तावित साइबर हब में आईटी कंपनियों, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर, डेटा सेंटर और स्टार्टअप ऑफिस स्थापित किए जाएंगे. इससे गाजियाबाद के युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार और करियर के बेहतर अवसर मिल सकेंगे. साथ ही नए उद्यमियों और फ्रीलांसर को भी आधुनिक कार्यस्थल उपलब्ध होगा.


गाजियाबाद को डिजिटल हब बनाने की तैयारी

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य गाजियाबाद को डिजिटल और स्टार्टअप का नया केंद्र बनाना है. उन्होंने कहा कि शहर में मेट्रो, नमो भारत, एक्सप्रेसवे, हाईवे और एयरपोर्ट जैसी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है. इसका सीधा फायदा यहां आने वाली कंपनियों और निवेशकों को मिलेगा.

साइबर हब को केवल ऑफिस परिसर तक सीमित नहीं रखा जाएगा. यहां रेस्टोरेंट, कैफे, स्टूडियो फ्लैट और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. स्टूडियो फ्लैट उन लोगों के लिए उपयोगी होंगे जो व्यापार या ऑफिस के काम से कुछ समय के लिए गाजियाबाद आएंगे.