'मेरा वीडियो क्यों बना रहे थे?' मेट्रो में महिला ने युवक को पकड़ा, वायरल होने पर हुआ FIR

बेंगलुरु मेट्रो में एक महिला ने एक यात्री पर कथित तौर पर उसका वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया. महिला ने मेट्रो के अंदर ही उसका सामना किया और फोन अनलॉक करने को कहा.

@IndiaDaily_24X7 X Account
Km Jaya

बेंगलुरु मेट्रो में सफर कर रही एक महिला ने एक यात्री पर कथित तौर पर उसका वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया है. महिला ने मेट्रो के अंदर ही युवक का सामना किया और उससे पूछा कि वह उसका वीडियो क्यों बना रहा था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर खुद को 'सौपिका' बताने वाली महिला ने एक वीडियो शेयर कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. उसके मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे व्हाइटफील्ड इलाके में मेट्रो ट्रेन के अंदर उसे एक व्यक्ति के मोबाइल से कथित तौर पर रिकॉर्ड किए जाने का पता चला. महिला ने कहा कि घटना के बाद वह काफी घबरा गई थी.

वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?

वीडियो में महिला आरोपी व्यक्ति से उसका फोन अनलॉक करने के लिए कहती दिखाई दे रही है. वह बार-बार उससे पूछती है, 'Why were you recording me?' इस दौरान मेट्रो सुरक्षा कर्मी भी मौके पर नजर आते हैं. महिला ने यह भी बताया कि उसने व्यक्ति का फोन पकड़ लिया था, लेकिन मेट्रो स्टेशन पर रुकने के दौरान वह फोन लेकर वहां से भाग गया.


आरोपी की पहचान

महिला ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए लोगों से आरोपी की पहचान करने की अपील भी की. उसने कहा कि उसने मेट्रो स्टेशन पर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी और उसे मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया गया था.

वीडियो में महिला ने उस समय पहने हुए अपने कपड़े भी दिखाए और कहा कि वह पूरी तरह ढकी हुई थी. उसने स्पष्ट किया कि उसके शरीर का कोई हिस्सा खुला नहीं था. इसके जरिए महिला ने यह सवाल उठाया कि उसके कपड़ों को इस कथित घटना का कारण नहीं माना जा सकता.

महिला ने आरोपी से क्या कहा?

घटना के दौरान महिला और आरोपी के बीच बातचीत भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई. महिला ने आरोपी से कहा कि वह इस घटना को सोशल मीडिया पर पोस्ट करेगी. इस पर व्यक्ति ने माफी मांगी. जब महिला ने पूछा कि क्या वह मान रहा है कि उसने उसका वीडियो बनाया था, तो उसने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद महिला ने कहा कि वह आरोपी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.

वीडियो वायरल होने के बाद बेंगलुरु सिटी पुलिस ने महिला से संपर्क किया और घटना की सटीक जगह तथा संपर्क नंबर उपलब्ध कराने को कहा. पुलिस ने बाद में जानकारी दी कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.

महिला ने दर्ज कराई FIR

इसके बाद महिला ने एक और वीडियो में बताया कि वह कडुगोडी पुलिस स्टेशन पहुंची, जहां उसकी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई. महिला ने पुलिस के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है.

महिला ने यह भी दावा किया कि जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति से मिलते-जुलते कुछ लोगों की पहचान की है. हालांकि, संदिग्ध की अंतिम पहचान की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.