उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है कि जिसने सुना, कानों पर हाथ रखने का मजबूर हो गया. एक बुजुर्ग ने जीवन भर साथ निभाने वाली हमसफर को ही कुल्हाड़ी से काट डाला. इस विभत्स घटना को अंजाम देने के बाद बुजुर्ग खुद ही खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. तड़के करीब चार बजे पुलिस वाले अचानक बुजुर्ग को चौकी पर देख चौंक गए, लेकिन जब उसने पूरी बात बताई तो कुछ देर के लिए तो मानों सुन्न ही पड़ गए. ऊपर से बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर जो आरोप लगाया वह झकझोर देने वाला था. उम्र के इस पड़ाव पर पति के द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की घटना को लेकर पूरे इलाके चर्चाओं का बाजार गर्म है.
मुरादनगर थानाक्षेत्र के रावली गांव में एक 80 साल के बुजुर्ग हरपाल पुत्र खचेडू ने अपनी 72 साल की पत्नी उर्मिला को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया और शनिवार तड़के करीब चार बजे ही रावली चौकी पहुंचकर खुद पुलिस के सामने सरेंडर हो गया. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हरपाल मोरटा का रहने वाला है लेकिन फिलहाल अपनी पत्नी के साथ रावली गांव स्थित बेटी कंचन के घर में रह रहा था. शुरूआती जांच में पुलिस का पता चला है कि हरपाल को अपनी पति के चरित्र पर शक था, हालांकि उसके धेवते ने हरपाल की मानसिक स्थिति सही न होने की बात कही है.
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. बुजुर्ग महिला चारपाई पर पड़ी थी और कनपटी से खून बह रहा था, हरपाल ने कनपटी पर ही कुल्हाड़ी से वार किया था. पुलिस महिला को लेकर तत्काल मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जहां उपचार के दौरान महिला ने कुछ देर में ही दम तोड़ दिया. घटना के समय कंचन के दोनों बेटे अजय और कुणाल भी घर में सो रहे थे, जबकि कंचन अपने पति के साथ मेरठ गई हुई थी. कुणाल के मुताबिक उसके नाना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उनका अक्सर नानी के साथ झगड़ा होता था.
आज दिनांक 16-5-2026 को पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना क्षेत्र मुरादनगर के रावली चौकी क्षेत्र में रहने वाले हरपाल पुत्र खचेडू उम्र करीब 80 वर्ष के द्वारा स्वयं चौकी पर आकर सूचना दी गई कि सुबह उनके द्वारा अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त… pic.twitter.com/RIaBIHcJgZ
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) May 16, 2026
एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि हरपाल ने स्वयं पुलिस चौकी पहुंचकर पत्नी की हत्या का जुर्म कबूल किया है. 80 वर्षीय हरपाल पुत्र खचेडू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.