VIDEO: नेटवर्क नहीं आया तो ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, टावरकर्मी को खंभे से बांधा; अब पुलिस ने लिया तगड़ा एक्शन
फतेहपुर के हरदौली गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने जियो टावर के तकनीशियन को पकड़कर खंभे से बांध दिया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया.
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों के गुस्से का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में ग्रामीणों ने जियो टावर के एक तकनीशियन को पकड़कर टावर परिसर में खंभे से बांध दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने घटना से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के मुताबिक हरदौली गांव में करीब दो साल पहले मोबाइल टावर लगाया गया था. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि टावर शुरू होने के बाद गांव में नेटवर्क की परेशानी दूर हो जाएगी. हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से मोबाइल नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा था. कॉल करने और इंटरनेट चलाने में लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.
Also Read
वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तकनीशियन को किन परिस्थितियों में और किस वजह से खंभे से बांधा गया. वायरल वीडियो के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. वहीं, ग्रामीणों की नाराजगी की वजह गांव में लंबे समय से बनी नेटवर्क समस्या बताई जा रही है. हालांकि किसी समस्या के विरोध में किसी व्यक्ति को बंधक बनाना या उसके साथ इस तरह का व्यवहार करना कानूनन गंभीर मामला है.