नोएडा में हर पौधे की होगी जियो टैगिंग, 12 जुलाई को बड़ा वृक्षारोपण

इस बार अभियान में लगाए जाने वाले हर पौधे की जियो-टैगिंग की जाएगी. अधिकारियों को मोबाइल एप पर पौधे की तस्वीर खींचकर उसकी सटीक लोकेशन अपलोड करनी होगी. इससे शासन स्तर पर आसानी से निगरानी और सत्यापन हो सकेगा. कर्मचारियों और अधिकारियों को इस मोबाइल ऐप का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

X
Antima Pal

नोएडा: पर्यावरण संरक्षण और हरे-भरे नोएडा बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है. नोएडा प्राधिकरण 12 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने जा रहा है. इस अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं. मुख्यमंत्री की बैठक के बाद उद्यान विभाग ने सभी अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं.

हर पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य

इस बार अभियान में लगाए जाने वाले हर पौधे की जियो-टैगिंग की जाएगी. अधिकारियों को मोबाइल एप पर पौधे की तस्वीर खींचकर उसकी सटीक लोकेशन अपलोड करनी होगी. इससे शासन स्तर पर आसानी से निगरानी और सत्यापन हो सकेगा. कर्मचारियों और अधिकारियों को इस मोबाइल ऐप का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान

इस अभियान के तहत नोएडा के हर सेक्टर और हर ब्लॉक में कम से कम एक पौधा लगाया जाएगा. जनप्रतिनिधि, सरकारी विभाग, सामाजिक संगठन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेंगे.


स्कूलों, कॉलेजों, खेल मैदानों, स्टेडियमों और औद्योगिक क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे. प्रमुख चौराहों पर लगी डिजिटल स्क्रीनों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान भजन और देशभक्ति गीत भी सुनाए जाएंगे, ताकि माहौल उत्साही बने.

पौधों की देखभाल पर जोर

नोएडा प्राधिकरण ने सिर्फ पौधे लगाने पर ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने का फैसला किया है. लगाए गए पौधों को नियमित पानी, खाद और सुरक्षा दी जाएगी ताकि वे अच्छे से बढ़ सकें और लंबे समय तक जीवित रहें.

इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की कोशिश की जा रही है. आम नागरिकों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि 12 जुलाई को हजारों पौधे लगाए जाएंगे.