menu-icon
India Daily

दिल्ली-नोएडा में आज भी इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक जाम, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये एडवाइजरी

अंबेडकर जयंती पर दिल्ली और नोएडा में बड़े कार्यक्रमों के चलते भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है. पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक मार्ग और मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिल्ली-नोएडा में आज भी इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक जाम, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये एडवाइजरी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली और नोएडा में आज यानी 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भारी ट्रैफिक जाम की आशंका जताई गई है. दोनों शहरों की ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. सुबह से लेकर शाम तक कई प्रमुख सड़कों पर दबाव बढ़ने की संभावना है.

इस दिन बड़े स्तर पर कार्यक्रम और शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित रहेगा. दिल्ली में रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनसभा होगी, जिसके बाद पहाड़गंज तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी. इस कारण सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात धीमा या बंद हो सकता है.

किन-किन इलाकों में रहेगी जाम की स्थिति?

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार JLN मार्ग, आसफ अली रोड, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, कुतुब रोड, रानी झांसी मार्ग और DBG रोड जैसे इलाकों से बचने की सलाह दी गई है. इन रास्तों पर शोभा यात्रा गुजरने के कारण भारी जाम की स्थिति बन सकती है. लोगों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है.

किन-किन जगहों पर होगा ट्रैफिक डायवर्जन?

नोएडा में भी कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. अगर महामाया फ्लाईओवर पर दबाव बढ़ता है तो ट्रैफिक को सेक्टर 37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसी तरह फिल्म सिटी फ्लाईओवर और सेक्टर 18 के पास भी यातायात को अलग-अलग मार्गों से मोड़ा जा सकता है. सेक्टर 14A फ्लाईओवर से सेक्टर 15 गोलचक्कर की ओर भी वाहनों को भेजा जाएगा.

पार्किंग की व्यवस्था को लेकर क्या हैं निर्देश?

पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 1 के अंदर हल्के वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था गई है. दिल्ली से आने वाले वाहन फिल्म सिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जा सकते हैं. वहीं कालिंदी कुंज से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर 95 के पास अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें, अन्यथा उन्हें क्रेन से हटाया जाएगा. लोगों को जाम से बचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, जो इस दिन सबसे आसान और तेज विकल्प माना जा रहा है.

क्या है हेल्पलाइन नंबर?

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है, जिस पर लोग किसी भी समस्या की जानकारी दे सकते हैं. साथ ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित न हो.