IMD Weather

'प्लीज सेव मी गॉड...' सिरफिरे आशिक ने BA की छात्रा का किया मर्डर

मेरठ में BA की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. छात्रा का शव गन्ने के खेत में मिला था.

X
Ashutosh Rai

मेरठ में 20 वर्षीय छात्रा की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. BA थर्ड ईयर की छात्रा 15 मई को परीक्षा देने घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी. दो दिन बाद उसका शव घर से करीब 25 किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में मिला. पुलिस जांच में अब चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. पुलिस ने छात्रा के कथित प्रेमी अंकुश को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है. मामले में उसके दो दोस्त अभी फरार बताए जा रहे हैं.

तीन साल की दोस्ती बनी मौत की वजह

पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकुश और छात्रा पिछले तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे छात्रा के किसी दूसरे युवक से बात करने पर शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ. पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था. इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर छात्रा की हत्या कर दी. पुलिस फिलहाल फरार दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

गन्ने के खेत में मिली सड़ी हालत में लाश

छात्रा 15 मई को राजनीति विज्ञान की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने टीपीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की लेकिन 17 मई को रोहटा क्षेत्र के उकसिया गांव के पास गन्ने के खेत में उसका शव मिला. शव की हालत बेहद खराब थी और चेहरे पर कीड़े लगे हुए थे. शुरुआती जांच में ऐसा भी लगा कि शव को जलाने या पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी.

मोबाइल में मिला भावुक नोट

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से एक नोट मिला, जिसने सभी को भावुक कर दिया. नोट में छात्रा ने लिखा था कि उसे कुछ गलत होने का डर महसूस हो रहा है और भगवान से अपनी सुरक्षा की प्रार्थना की थी. उसने अपने परिवार का जिक्र करते हुए लिखा कि उसके बिना घर बिखर जाएगा.

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि अंकुश पिछले दो साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था. उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी बेटी का अपहरण करने की कोशिश कर चुका था, जिसके बाद पंचायत में माफी मंगवाई गई थी. परिवार का कहना है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने गांव तक छोड़ दिया था लेकिन उसने पीछा नहीं छोड़ा. शव मिलने के बाद परिवार ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया और गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाया.