menu-icon
India Daily

सुल्‍तानपुर सीट पर सपा के लिए संकट, सांसद की जीत के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची मेनका गांधी

मेनका गांधी शुक्रवार को हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के निर्वाचित सांसद राम भुआल निषाद के खिलाफ अपील की है. याचिका में कहा गया है कि राम भुआल निषाद पर 12 मुकदमे दर्ज हैं, मगर उन्होंने चुनाव आयोग में दिए गए हलफनामे में केवल 8 मुकदमों के बारे में बताया.

India Daily Live
सुल्‍तानपुर सीट पर सपा के लिए संकट, सांसद की जीत के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची मेनका गांधी
Courtesy: Social Media

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की नेता मेनका गांधी ने सुल्तानपुर की सीट से लोकसभा चुनाव हार गईं. अब मेनका गांधी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के निर्वाचित सांसद राम भुआल निषाद के खिलाफ हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में अपील की है. उन्होंने उनका निर्वाचन रद्द करने की अपील की है. लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के नेता रामभुआल निषाद ने मेनका गांधी को 43174 वोटों से हराया था. 

जानकारी के अनुसार, मेनका गांधी शुक्रवार को हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के वरिष्ठ रजिस्ट्रार के समक्ष अपने अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल, अमित जयसवाल, विजय विक्रम सिंह और डॉ. पूजा सिंह के साथ उपस्थित हुईं. उन्‍होंने राम भुआल पर आपराधिक इतिहास छिपाने का आरोप लगाया है.  मेनका गांधी ने कोर्ट से अपील की है कि निषाद के चुनाव को रद्द कर दिया जाए. याचिका में कहा गया है कि राम भुआल निषाद पर 12 मुकदमे दर्ज हैं, मगर उन्होंने चुनाव आयोग में दिए गए हलफनामे में केवल 8 मुकदमों का ज़िक्र किया है.

मेनका गांधी ने क्या आरोप लगाए

मेनका गांधी के वकील प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि याचिका में कई दस्तावेज पेश किए गए हैं. राम भुआल निषाद ने गलत जानकारी दी और चुनाव लड़े. इसलिए उनका चुनाव रद्द होना चाहिए. निषाद पर 12 मामले दर्ज हैं, लेकिन उन्होंने केवल 8 का ही जिक्र किया. याचिका में यह आरोप लगाया गया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि को छिपाना भ्रष्ट आचरण का कार्य है और इस प्रकार यह पूरी तरह से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 100 के तहत आता है. 

रामभुआल निषाद ने हराया

यूपी की सुल्तानपुर सीट से बीजेपी की नेता मेनका गांधी इसबार चुनाव हार गईं. चुनाव में समाजवादी पार्टी के नेता रामभुआल निषाद ने मेनका गांधी को 43174 वोटों से हराया था. एसपी को 444330 वोट मिले, जबकि बीजेपी को 401156 वोट हासिल हो सके.  इससे पहले मेनका गांधी ने सुल्‍तानपुर सीट पर 2019 में जीत हासिल की थी. जबकि 2014 में उनके बेटे वरुण गांधी जीते थे.