CM योगी ने 11 रसोइयों को किया सम्मानित, कैशलेस कार्ड, परिधान किट समेत बढ़े मानदेय का दिया चेक
मुख्यमंत्री योगी ने 11 रसोइयों को सम्मानित किया. उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड, परिधान किट और बढ़े मानदेय का चेक मिला. सुरक्षा के तहत दो लाख रुपये का बीमा कवच मिला व सम्मान भी मिला.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम में 11 रसोइयों को सम्मानित किया. उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड, परिधान किट और बढ़े हुए मानदेय का चेक दिया गया. कार्यक्रम में रसोइया सामाजिक सुरक्षा के तहत दुर्घटना बीमा सहायता को लेकर समझौता हुआ. इस योजना से रसोइयों और उनके परिजनों को दो लाख रुपये तक की सहायता का सुरक्षा कवच मिलेगा. मुख्यमंत्री ने विद्यालयों से योजनाओं की जानकारी ली और बच्चों से संवाद किया.
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल की गई. बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा और भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने दुर्घटना बीमा सहायता से संबंधित समझौते का आदान-प्रदान किया.
रसोइयों को मिलेगा बीमा सुरक्षा कवच
इस समझौते के तहत रसोइयों और उनके परिजनों को दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये तक की बीमा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा देना है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पोषण योजना यानी मध्याह्न भोजन योजना की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई. इसके माध्यम से योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन और विद्यालयों में इसके प्रभाव को बताया गया.
Also Read
11 रसोइयों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में 11 रसोइयों को सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, परिधान किट और बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया. सम्मान पाने वाले रसोइयों की सूची में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की महिलाएं शामिल रहीं.
सम्मानित रसोइयों में शामिल हैं;
- किरन देवी- प्राथमिक विद्यालय केसरीगंज सीतापुर
- आशा तिवारी- प्राथमिक विद्यालय निगोहा-2 लखनऊ
- सुनीता- उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट हारपुर गोरखपुर
- सुदेश देवी- उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट ऐलमपुर अलीगढ़
- सरिता दीक्षित- प्राथमिक विद्यालय कालभैरव वाराणसी
- गीता देवी - उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट गंगारामपुर हरदोई
- सीमा सिंह- प्राथमिक विद्यालय नगरिया लखीमपुर खीरी
- रेखा देवी- उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट हारपुर गोरखपुर
- पिंकी देवी- उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट ऐलमपुर अलीगढ़
- खिलाना- प्राथमिक विद्यालय अटवा मोहाल, ओसिया उन्नाव
- रेखा- पूर्व माध्यमिक विद्यालय राजामऊ बछरावां रायबरेली
बच्चों से मिले मुख्यमंत्री योगी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली. बच्चों ने उन्हें निपुण तराजू के बारे में बताया. मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भी दी.
मीना मंच के स्टॉल पर मौजूद छात्राओं ने मुख्यमंत्री से साथ में तस्वीर लेने का अनुरोध किया. बच्चियों की बात सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई. इस दौरान छात्राओं में काफी उत्साह दिखाई दिया.
छह माह के बच्चों का कराया अन्नप्राशन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह माह की अनीता और मो. अली का अपने हाथों से अन्नप्राशन कराया. उन्होंने बच्चों को खीर खिलाई और उन्हें खिलौना भी दिया. इस पहल के जरिए सरकार ने रसोइयों के सम्मान के साथ-साथ विद्यालयी योजनाओं और बच्चों के पोषण पर भी जोर दिया. रसोइयों को बढ़ा हुआ मानदेय, चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना बीमा सुरक्षा मिलने से उनके सामाजिक संरक्षण को मजबूत करने का प्रयास किया गया है.