CM मावां धीयां सत्कार योजना: 25 जून के बाद आवेदन करने वाली महिलाओं को 1 अगस्त को मिलेगी तीन माह की राशि
पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि 25 जून के बाद आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं को 1 अगस्त को जुलाई, अगस्त और सितंबर की तीन किस्तों की राशि एक साथ मिलेगी.
पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के लिए नई व्यवस्था की घोषणा की है. सरकार के अनुसार, 25 जून के बाद आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1 अगस्त को जुलाई, अगस्त और सितंबर की तीन महीने की आर्थिक सहायता एक साथ भेजी जाएगी. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद राशि सीधे डीबीटी (DBT) के माध्यम से खातों में ट्रांसफर होगी.
पहले आवेदन करने वालों को मिल चुकी है राशि
सरकार ने बताया कि 25 जून तक आवेदन करने वाली महिलाओं को पहले ही तीन महीने की अग्रिम सहायता जारी की जा चुकी है. लाभार्थियों के बैंक खाते में राशि जमा होने की सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से भी भेजी जाएगी, ताकि भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे.
योजना से 36 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ीं
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस योजना की शुरुआत 1 जुलाई को संगरूर जिले के धूरी से की थी. शुभारंभ के दौरान सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की पहली किस्त जारी की गई थी. अब तक 36 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना में पंजीकरण करा चुकी हैं.
Also Read
पेंशन के साथ भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पाने वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी. सरकार का दावा है कि इस योजना से पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं लाभान्वित होंगी. योजना के प्रभावी संचालन के लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है.